बैकुंठ चतुर्दशी पर कमलेश्वर महादेव के दरबार में पहुंचे सीएम धामी, भोलेनाथ से मांगा प्रदेश की सुख-समृद्धि का आशीर्वाद
बैकुंठ चतुर्दशी पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर के कमलेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन किए और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
-1795421961792_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल। बैकुंठ चतुर्दशी के पावन पर्व पर सोमवार को श्रीनगर स्थित कमलेश्वर महादेव मंदिर में आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी भगवान कमलेश्वर महादेव के दर्शन और पूजन के लिए मंदिर पहुंचे।
मंदिर के महंत श्री108 आशुतोष पुरी जी महाराज ने मुख्यमंत्री के हाथों विधि-विधान से भगवान कमलेश्वर का पूजन कराया। मुख्यमंत्री ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से प्रदेश की निरंतर प्रगति और जनकल्याण का आशीर्वाद मांगा।
बैकुंठ चतुर्दशी पर सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। भक्तों ने भगवान कमलेश्वर का जलाभिषेक कर रुई की बातियां अर्पित कीं। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव और भगवान विष्णु की आराधना करने से विशेष पुण्य फल प्राप्त होता है।
कमलेश्वर महादेव मंदिर में संतान प्राप्ति की कामना से किया जाने वाला खड़ा दीया अनुष्ठान इस पर्व का प्रमुख आकर्षण है। मान्यता है कि नि:संतान दंपती संतान प्राप्ति की मनोकामना लेकर पूरी रात हाथों में जलता हुआ दीपक लेकर खड़े रहते हैं।
इसे खड़ा दीया अनुष्ठान कहा जाता है। श्रद्धालु भगवान शिव को 365 बातियां भी अर्पित करते हैं। इन बातियों को वर्ष के 365 दिनों का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि इनके माध्यम से श्रद्धालु वर्षभर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करने की कामना करते हैं।
महंत आशुतोष पुरी महाराज ने बताया कि श्रद्धालु रात 12 बजे तक भगवान को बाती अर्पित करने के साथ जलाभिषेक कर सकेंगे। गोधूलि बेला में शुभ मुहूर्त पर खड़ा दीया अनुष्ठान शुरू होगा।
यह भी पढ़ें- आंगनबाड़ी संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों ने सीएम धामी से की भेंट, मानदेय बढ़ाए जाने की घोषणा पर मुख्यमंत्री का जताया आभार
यह भी पढ़ें- सीएम धामी ने अमरापुर घाट पर किया 10 हजार मत्स्य बीजों का संचयन, गंगा की स्वच्छता में जनसहभागिता बढ़ाने की अपील की
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।