शहर रहा बंद, बाजार और गलियां हुई सैनिटाइज
कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए रविवार को दमकल व नगर निगम कर्मियों ने शहर को सैनिटाइज किया।
संवाद सहयोगी, कोटद्वार: कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए रविवार को दमकल व नगर निगम कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर बाजारों को सैनिटाइज किया। शहर के जिन वार्डों में दमकल का वाहन नहीं जा पा रहा था, वहां निगम के कर्मचारियों ने छोटी मशीनों से सैनिटाइज किया। इस दौरान टीम ने लोगों को कोरोना संक्रमण के प्रति जागरूक भी किया।
रविवार को अग्निशमन अधिकारी अनिल कुमार के नेतृत्व में दमकल विभाग की टीम ने महाविद्यालय से सैनिटाइजर छिड़काव अभियान की शुरूआत की गई। कर्मचारियों ने दमकल वाहन से बदरीनाथ मार्ग, स्टेशन रोड, पटेल मार्ग, नजीबाबाद रोड सहित अन्य स्थानों पर सैनिटाइज का छिड़काव किया। साथ ही निगम ने वार्डों में नालियों के आसपास ब्लीचिग पाउडर का छिड़काव किया।
सफाई निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर रविवार को शहर को बंद करने के आदेश दिए गए हैं। ऐसे में बाजारों के साथ ही सार्वजनिक स्थानों को सैनिटाइज किया जा रहा है। बताया कि अभियान के दौरान लोगों से कोरोना संक्रमण से बचने के लिए अपने घरों पर ही रहने की अपील की गई। संक्रमण को देखते हुए सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सुबह दस बजे तक सभी वार्डों से कूड़ा उठाकर उन्हें सैनिटाइज करने का काम चल रहा है।