विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 03, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर गढ़वाल को नगर निगम बनाने की घोषणा की

By Sunil NegiEdited By:
Published: Fri, 03 Sep 2021 12:26 PM (IST)Updated: Fri, 03 Sep 2021 09:26 PM (IST)

भाजपा आज श्रीनगर गढ़वाल से जन आशीर्वाद रैली की शुरूआत कर रही है। इसमें शिरकत करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर गढ़वाल को नगर निगम बनाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर गढ़वाल को नगर निगम बनाने की घोषणा की।

जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल (पौड़ी)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर क्षेत्र के तोहफों की झड़ी लगा दी। उन्होंने श्रीनगर नगर पालिका को उच्चीकृत कर नगर निगम बनाने का एलान किया तो 9.35 करोड की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से मोदी सरकार के नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।

शुक्रवार को श्रीनगर के रामलीला मैदान में भाजपा की जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस केवल तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति करती रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही श्रीनगर के राजकीय इंटर कालेज और राजकीय बालिका इंटर कालेज में स्मार्ट कक्षाएं संचालित की जाएंगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि श्रीनगर क्षेत्र में निश्शुल्क पेयजल की सीमा बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सतपुली में झील निर्माण, बीरोंखाल में पॉलीटेक्निक में नए ट्रेड खोलने, चौबट्टाखाल महाविद्यालय में नए विषयों की स्वीकृति के साथ ही ज्वाल्पा-नौगांवखाल पंपिंपग पेयजल योजना की भी घोषणा की। धामी ने कहा कि श्रीनगर में पंचपीपल से स्वीत पुल तक मैरीन ड्राइव तैयार होने के बाद पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। रैली उमड़े जन सैलाब से अभिभूत मुख्यमंत्री ने कहा कि शासनादेश होते ही हर घोषणा जल्द धरातल पर उतरेगी।

रैली को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में भ्रष्टाचार पर नकेल कसी गई है। कहा कि जन आशीर्वाद रैली में उमड़े सैलाब से साफ है भाजपा को जनता का आशीर्वाद मिल रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस रैली से भाजपा ने वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया है। स्वास्थ्य मंत्री तथा रैली संयोजक डा. धन सिंह रावत ने कहा कि श्रीनगर राज्य की सांस्कृतिक राजधानी है और राज्य आंदोलन में इस शहर की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। जानकारी दी कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री के समक्ष 500 से ज्यादा लोग पार्टी में शामिल हुए।

अफसरों का होगा जवाब-तलब

मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी से करें। उन्होंने कहा कि तहसील स्तर की समस्या जिलास्तर पर नहीं जानी चाहिए। इसी तरह जिलास्तर की समस्याओं का समाधान के लिए जनता को शासन तक न आना पड़े। कहा कि अफसरों को इस बारे में निर्देश दे दिए गए हैं। उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, देवप्रयाग के विधायक विनोद कंडारी, रुद्रप्रयाग के विधायक भरत सिंह चौधरी, पौड़ी के विधायक मुकेश कोली, लैंसडौन के विधायक दिलीप सिंह रावत और भाजपा के जिलाध्यक्ष संपत रावत भी उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें:- देहरादून : पूरी हुई सालों की आस, बुझेगी क्लेमेनटाउन की 'प्यास'; रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने किया पेयजल योजना का लोकार्पण

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।