विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जाट रेजिमेंट के 393 जवानों संग पाकिस्तान में घुसकर दहाड़े, ब्रिगेडियर डेसमंड हेड ने उत्तराखंड को बनाया अपना घर

Published: Sat, 28 Nov 2026 01:16 PM (IST)

महावीर चक्र विजेता ब्रिगेडियर डेसमंड हेड, जिन्होंने 1965 के डोगराई युद्ध में पाकिस्तान में घुसकर वीरता दिखाई, का अंतिम समय कोटद्वार में बीता।

महावीर चक्र विजेता ब्रिगेडियर डेसमंड यूजीन हेड। फाइल फोटो

महावीर चक्र विजेता ब्रिगेडियर डेसमंड यूजीन हेड। फाइल फोटो

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, कोटद्वार। महावीर चक्र विजेता ब्रिगेडियर डेसमंड यूजीन हेड के बारे में युवा पीढ़ी को शायद ही जानकारी हो। यह वही शख्स हैं, जिन्होंने जाट रेजिमेंट के 393 जवानों के साथ पाकिस्तान में घुसकर ऐसी वीरता का परिचय दिया, जिसे डोगराई युद्ध के रूप में आज भी याद किया जाता है।

इंग्लैंड में जन्मे ब्रिगेडियर डेसमंड हेड ने पत्नी शीला हेड के साथ जीवन का अंतिम समय कोटद्वार में ही बिताया। वर्तमान में उनके नाम से कोटद्वार में एक प्रतिष्ठित निजी विद्यालय हेड हेरिटेज एकेडमी संचालित हो रहा है।

तीन जाट रेजीमेंट के ब्रिगेडियर हेड ने देवभूमि उत्तराखंड से इतर कहीं और रहना पसंद नहीं किया। हेड महज 18 दिन के थे, जब मां की गोद में पिता वाल्टर के साथ इंग्लैंड से भारत आ गए थे।

पिता सेना में थे और 1914-18 के बीच उन्होंने गोरखा रेजीमेंट में रहते हुए तुर्किये के विरुद्ध युद्ध में हिस्सा लिया। हेड ने कोलकाता में शिक्षा ग्रहण की और फिर 1947-48 के स्वतंत्र भारत के पहले बैच में आइएमए देहरादून से सेना में कमीशन प्राप्त किया। भारत-पाक विभाजन के दौरान उनके आठ भाई व दो बहनें न्यूजीलैंड जाकर बस गए।

डोगराई युद्ध में दिखाई अभूतपूर्व वीरता

1965 में वह ले.कर्नल के रूप में खेमकरन में तीन जाट रेजीमेंट के कमांडिंग आफिसर थे। दो सितंबर को उन्हें अंतरराष्ट्रीय सीमा व इच्छोगिल नहर पार कर पाकिस्तान में घुसने के आदेश मिले। छह सितंबर की सुबह उनकी कमांड ने सीमा पार कर पाकिस्तान में प्रवेश किया और 14 माइल स्टोन पर दयाल विलेज को कब्जे में ले लिया।

पाकिस्तान की तीन बलूच रेजिमेंट को परास्त कर उन्होंने डोगराई (लाहौर) गांव को भी कब्जे में ले लिया। दोपहर बाद 11.5 माइल स्टोन पर अटोके आवन व बाटापुर भी भारतीय सेना के कब्जे में आ गए। तब तक पंजाब से भारतीय सेना की अन्य टुकड़ियां अंतरराष्ट्रीय सीमा तक भी नहीं पहुंच पाई थीं। सो, उन्हें वापस लौटने के निर्देश मिले।

22 सितंबर को एक बार फिर तीन जाट रेजिमेंट ने उनके नेतृत्व में डोगराई पर हमला किया और उसे कब्जे में ले लिया। इस लड़ाई को दुनिया की बेहतरीन लड़ाइयों में से एक माना जाता है। इसके बाद हेड को ब्रिगेडियर के रूप में पदोन्नति मिली।

परिवार के प्रति संजीदा रहे ब्रिगेडियर

सेवाकाल में बरेली प्रवास के दौरान हेड गढ़वाल कमिश्नरी के जनक बैरिस्टर मुकंदीलाल की पुत्री शीला (कलावती) को दिल दे बैठे और फिर दोनों परिणय सूत्र में बंध गए। हेड के तीन पुत्र वाल्टर, माइकल व नार्मन विदेश में बस गए, लेकिन उन्होंने भारत में रहने का निर्णय लिया। ससुर बैरिस्टर मुकंदीलाल बीमार हुए तो हेड ने कोटद्वार में ही बसने का निर्णय लिया।

हेड के कनाडा व इंग्लैड में बसे पुत्र उन्हें साथ ले जाने की बहुत जिद करते रहे, लेकिन देवभूमि से लगाव ने उन्हें यहीं बांधे रखा। उन्होंने कोटद्वार में सीएसडी कैंटीन व सूर्या मल्टीप्लेक्स खुलवाने के साथ ही गढ़वाल पूर्व सैनिक-अर्द्ध सैनिक लीग का गठन कर उसके माध्यम से पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं की मदद करने में अहम भूमिका निभाई।

25 सितंबर 2013 को उन्होंने कोटद्वार में ही आखिरी सांस ली। उन्होंने ब्लड एंड स्टील, बैटल आफ डोगराई, थ्री-वे मिरर सहित चार किताबें भी लिखीं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।