जब अग्निवीरों संग थिरके गढ़वाल राइफल्स के कमांडेंट! लैंसडौन में थड़िया-चौंफला की धुन पर झूमे जवान
लैंसडौन में अग्निवीरों के लिए गढ़वाली लोक संस्कृति कार्यशाला आयोजित हुई, जिसमें गढ़वाल राइफल्स के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी ने अग्निवीरों के साथ पारंपरिक लोकनृत्यों में भाग लिया।

लैंसडौन के गढ़वाल राइफल्स में आयोजित गढ़वाली लोक संस्कृति कार्यशाला के दौरान अग्निवीरों के साथ थिरकते ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी : जागरण
HighLights
ब्रिगेडियर ने अग्निवीरों संग गढ़वाली लोकनृत्यों में हिस्सा लिया।
कार्यशाला में थड़िया, चौंफला, चांचड़ी जैसे नृत्य सिखाए गए।
हेमवती नंदन बहुगुणा विश्वविद्यालय ने कार्यशाला में सहयोग किया।
संवाद सहयोगी, लैंसडौन(पौड़ी गढ़वाल)। पर्यटन नगरी लैंसडौन में अग्निवीरों के लिए आयोजित गढ़वाली लोक संस्कृति कार्यशाला में जब गढ़वाल की लोक संस्कृति की थाप गूंजी तो गढ़वाल राइफल्स के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी भी खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए। उन्होंने अग्निवीरों के साथ थड़िया, चौंफला और चांचड़ी लोकनृत्य में कदम मिलाए।
कमांडेंट को अग्निवीरों के साथ पारंपरिक लोकनृत्य करते देख कार्यशाला का माहौल भी उत्साह से भर उठा। इस दौरान अग्निवीरों व रेजीमेंट के अधिकारियों को गढ़वाली लोकनृत्यों की बारीकियों से परिचित कराने के साथ उन्हें नृत्य के गुर भी सिखाए।
गढ़वाल राइफल्स में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के लोक कला व संस्कृति निष्पादन केंद्र के सहयोग से गढ़वाली लोक संस्कृति कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। कार्यशाला में ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी भी अग्निवीरों के बीच जोश भरने पह़ुंच गए। इस दौरान भातखंडे संगीत महाविद्यालय पौड़ी के प्राचार्य व प्रसिद्ध कोरियोग्राफर अनिल बिष्ट ने कार्यशाला में थड़िया-चौंफला, चांचड़ी-दांकुड़ी, तांदी, हारुल, नाटी, झुमैलो और छोपती जैसे पारंपरिक लोकनृत्यों की जानकारी दी। उन्होंने इन नृत्यों की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि, परंपरा और पद संचालन की बारीकियां समझाईं।
दांकुड़ी नृत्य की परंपरा को देव नृत्यों से जोड़ते हुए उन्होंने ‘बदरीनाथ जि झामको’ दांकुड़ी की प्रस्तुति दी। थड़िया और चौंफला नृत्य के प्रशिक्षण के दौरान बिष्ट ने बताया कि गढ़वाल में बसंत पंचमी से विषुवत संक्रांति तक इन लोकनृत्यों को करने की परंपरा रही है। उन्होंने ‘बंको इड़िया बौ सिंह भंडारी’ गीत पर थड़िया और ‘लाट बोलणि तलंजा कि जब कुई बणैंई जाणो’ गीत पर चौंफला नृत्य कराया।
इससे पहले लोक कला एवं संस्कृति निष्पादन केंद्र के सहायक निदेशक महेंद्र सिंह पंवार ने गढ़वाली लोकगीतों की परंपरा और उनके सांस्कृतिक महत्व पर व्याख्यान दिया। उन्होंने मांगल, थड़िया-चौंफला, चांचड़ी, बाजूबंद और तांदी लोकगीतों की जानकारी देने के साथ उनका गायन भी प्रस्तुत किया। प्रसिद्ध बांसुरी वादक महेश चंद ने बांसुरी और शहनाई वादन से लोकसंगीत की छटा बिखेरी। तबले पर जयेन्द्र सिंह ने संगत की। संचालन संस्कृति निष्पादन केंद्र के निदेशक व कार्यक्रम के मुख्य संयोजक गणेश खुगशाल गणी ने किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।