पोस्टर बैनर के माध्यम से चलाया जागरुकता अभियान
राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग के लिए रविवार को जनजागरुकता अभियान चलाया।
संवाद सहयोगी, पौड़ी: राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग के लिए रविवार को जन जागरुकता अभियान चलाया। इस दौरान कर्मचारियों और स्वजनों ने घर पर रहकर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को संबोधित पोस्टर बैनरों के माध्यम से सरकार से पुरानी पेंशन को फिर से बहाल करने की मांग उठाई।
मोर्चा के प्रदेश सह संयोजक सीताराम पोखरियाल ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली की मांग लंबे समय से की जा रही है। लेकिन, केंद्र व राज्य सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। जिससे कर्मचारियों को अपने भविष्य की चिता सता रही है। उन्होंने बताया कि एक अक्टूबर 2005 के बाद से सरकारी सेवा में नियुक्त कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बंद कर दी गई है। पुरानी पेंशन बंद होने से कर्मचारियों का भविष्य अंधकार में चला गया है। लंबी सरकारी सेवा करने बाद अधिकारियों, शिक्षकों व कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति होने पर इस पुरानी पेंशन से कोई लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि नई पेंशन योजना के तहत कर्मचारियों का पैसा शेयर मार्केट में लगाया जा रहा है। इस पैसे का कोई लेखा-जोखा भी नहीं है। अभियान में मंडल अध्यक्ष जयदीप रावत, गढ़वाल संयोजक जसपाल रावत, सोहन रावत, कुलदीप मौजूद रहे।