आंदोलन के प्रति गंभीर न रहने वाले सदस्यों पर होगी कार्रवाई
संवाद सहयोगी पौड़ी उत्तराखंड जनरल ओबीसी इंप्लाइज एसोसिएशन 26 फरवरी को जनपद मुख्यालय में
संवाद सहयोगी, पौड़ी : उत्तराखंड जनरल ओबीसी इंप्लाइज एसोसिएशन 26 फरवरी को जनपद मुख्यालय में मशाल जुलूस निकालेगा। एसोसिएशन पदोन्नतियों में आरक्षण व्यवस्था बंद किए जाने के लिए आंदोलित है। एसोसिएशन ने पदोन्नति में आरक्षण न दिए जाने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू करवाने के लिए मुख्यमंत्री आवास कूच भी किया था।
उत्तराखंड जनरल ओबीसी एंप्लाइज एसोसिएशन के मुख्य संयोजक सीताराम पोखरियाल व कोषाध्यक्ष जसपाल सिंह रावत ने बताया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत 26 फरवरी को जिला मुख्यालय में मशाल जलूस निकाला जाएगा। मशाल जलूस एजेंसी चौक से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गो से होते हुए बस अड्डे पर संपन्न होगा। पोखरियाल ने बताया कि 20 फरवरी को मुख्यमंत्री आवास कूच के लिए पौड़ी शहर से करीब एक हजार से अधिक कर्मचारी गए थे। एसोसिएशन के जो सदस्य देहरादून नहीं पहुंचे उनसे कारण पूछा जाएगा। आंदोलन के प्रति गंभीर न रहने वाले सदस्यों पर संगठनात्मक कार्रवाई की जाएगी। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि पौड़ी से 50 से अधिक महिलाएं भी देहरादून पहुंची थी। पदाधिकारियों ने मातृशक्ति का विशेष आभार व्यक्त किया है। यदि सरकार ने जल्द ही सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को लागू नहीं किया तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।