महिला कांग्रेस ने किया क्रमिक अनशन
संयुक्त चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं की समस्या दूर नहीं होने पर महिला कांग्रेस ने रोष जताया है।
By Edited By: Published: Thu, 19 Jul 2018 08:51 PM (IST)Updated: Sat, 21 Jul 2018 05:06 PM (IST)
संवाद सहयोगी, रामनगर: संयुक्त चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं की समस्या दूर नहीं होने पर महिला कांग्रेस ने रोष जताया है। इस संबंध में महिला कांग्रेस की कालाढूंगी क्षेत्र की जिलाध्यक्ष आशा बिष्ट व जिला उपाध्यक्ष सतेश्वरी रावत 24 घंटे के क्रमिक अनशन पर बैठ गई। वक्ताओं ने कहा कि रामनगर में पहाड़ से भी लोग अपना इलाज कराने आते हैं। इसके बावजूद यहां के अस्पताल बगैर चिकित्सक के चल रहे हैं। गुरुवार को चिकित्सालय के बाहर आयोजित अनशन स्थल पर वक्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। अनशन स्थल पर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने चिकित्सालय में मरीजों को हो रही परेशानी को दूर करने पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि चिकित्सालय में सर्जन की तैनाती नहीं हुई है। ऐसे में लोगों के ऑपरेशन नहीं हो पा रहे हैं। लोग निराश होकर लौट रहे हैं। गर्भवती महिलाओं की सभी जांच चिकित्सालय में ही निशुल्क होनी चाहिए। पहले ये सभी जांचे फिरी में होती थीं। आज क्षेत्र की उपेक्षा हो रही है। रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति कर बंद पड़े अल्ट्रासाउंड को शुरू किया जाए। गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड के लिए निजी क्लीनिकों में जाना पड़ रहा है। इतना ही नहीं लंबे समय से ब्लड बैंक को अब तक शुरू नहीं किया जा सका है। लेकिन सरकार जनहित से जुड़ी से इन समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है। अनशन स्थल पर पहुंचकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपना समर्थन दिया। इस दौरान मंजू चौहान, बीना रावत, शेर सिंह लटवाल, उस्मान सिद्दीकी, जयपाल रावत, कुलदीप अग्रवाल, अभिमन्यु डंगवाल, विनय पडलिया, ताइफ खान, शुभम शर्मा मौजूद रहे।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें