हर दिन आधा इंच गिर रहा नैनी झील का जलस्तर
एक माह से बारिश नहीं होने का असर नैनी झील में भी देखने को मिल रहा है।
जारगरण संवाददाता, नैनीताल : एक माह से बारिश नहीं होने का असर नैनी झील में भी देखने को मिल रहा है। यही कारण है कि पानी की रोस्टिंग के बावजूद झील का जलस्तर हर रोज आधा इंच गिर रहा है। हालांकि झील में अब भी बीते वर्ष की अपेक्षा छह इंच अधिक पानी है।
इस बार शीतकाल से लेकर मानसून तक अच्छी बारिश होने से जलस्रोत रिचार्ज थे, जिससे बारिश की शुरुआत में ही झील का पानी अपने उच्चस्तर पर पहुंच गया था। सितंबर से बारिश का सिलसिला थमने और शहर में पर्यटन गतिविधियां शुरू होने के बाद झील का जलस्तर एक बार फिर गिरने लगा है। झील नियंत्रण कक्ष प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि झील के जलस्तर में रोजाना करीब आधा इंच की गिरावट दर्ज की जा रही है। वर्तमान में झील का जलस्तर नौ फीट बना हुआ है। बीते वर्ष इस समय यह आठ फीट चार इंच था। उन्होंने बताया कि जल संस्थान द्वारा उपभोक्ताओं को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए की जाने वाली बोरिंग से जलस्तर में गिरावट आ रही है। इधर, जलसंस्थान के सहायक अभियंता दिलीप सिंह ने बताया कि उपभोक्ताओं को रोजाना आठ से नौ एमएलडी पानी सप्लाई की जा रहा है। वीकेंड पर इसकी आपूर्ति एक एमएलडी तक बढ़ाई जा रही है। कैसे होगा झील के पानी से आचमन, जब समा रहा है सीवर
जासं, नैनीताल: नैनी झील को साफ-सुथरा रखने के लाख दावे भले ही क्यों न कर लें, जमीनी हकीकत बिल्कुल इससे परे है। एक ओर झील के पानी को आचमन के योग्य बनाने के दावे किए जा रहे है, तो दूसरी ओर सीवर झील में समा रहा है। तल्लीताल फांसी गधेरे के समीप लीकेज होने से कई दिनों से सीवर झील में पहुंच रहा है, जिसकी जल संस्थान को खबर तक नहीं है। सहायक अभियंता दिलीप बिष्ट का कहना है कि सीवर बहने की जानकारी अभी संज्ञान में नहीं है। कर्मचारियों से निरीक्षण कराकर समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।