उत्तराखंड छात्रसंघ चुनाव: बेटा जीत जाए, इसलिए मां ने लिया कॉलेज में एडमिशन...संभाली प्रचार की कमान
कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर छात्रसंघ चुनाव में निर्दलीय भानू प्रताप सिंह चौहान अध्यक्ष चुने गए, जिन्होंने विद्यार्थी परिषद समर्थित प्रत्याशी को हराया।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित डीएसबी परिसर में छात्रसंघ चुनाव में सर्वाधिक महत्वपूर्ण अध्यक्ष पद पर निर्दलीय भानू प्रताप सिंह चौहान ने विद्यार्थी परिषद समर्थित शुभम कुमार को बड़े अंतर पराजित कर भगवा खेमे को बड़ा झटका दिया है।
पहली बार छात्राओं के लिए आरक्षित संयुक्त सचिव में अनुष्का पुरी व कोषाध्यक्ष में सृष्टि रावत ने प्रतिद्वंद्वी को पराजित कर पहली बार इन पदों पर काबिज होने का इतिहास रच दिया। महासचिव पद पर कमल कार्की, छात्र उपाध्यक्ष में अभिषेक रैकुनी, छात्रा उपाध्यक्ष में कुमकुम जोशी, सांस्कृतिक सचिव में हर्षित जोशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
बेटे की जीत पर छलके मां के आंसू
नैनीताल: डीएसबी छात्रसंघ अध्यक्ष पद पर भानू चौहान की जीत पर मां हल्द्वानी नगर निगम की पार्षद बीना चौहान भावुक हो गई और उसने बेटे को गले लगा लिया। बीना ने बेटे की खातिर डीएसबी परिसर में एमए राजनीति शासत्र में एडमिशन भी लिया है।
बीना ने इंटरनेट मीडिया से लेकर संपर्क में पूरी प्रचार की कमान संभाली। यहां तक कि विरोधियों पर भी हमले किए। छात्राओं को पक्ष में करने में अहम भूमिका निभाई। भानू ने भी जीत को मां के आशीर्वाद का प्रतिफल बताया।
मंगलवार को भारी गहमागहमी व सुरक्षा के बीच परिसर सुबह दस बजे से अपराह्न दो बजे तक मतदान हुआ। कुल 5410 में से 2535 छात्रों ने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसके बाद मतगणना हुई। अध्यक्ष पद पर जीते भानू चौहान को 1355 शुभम 873 जबकि तीसरे प्रत्याशी हिमांशु आर्य को 283 मत मिले। अध्यक्ष में नोटा दस, निरस्त मत 14 रहे।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण व प्रभारी निदेशक प्रो. संजय पंत ने चुनाव परिणाम की घोषणा की। उन्होंने बताया कि संयुक्त सचिव में विजयी अनुष्का पुरी को 1614, गौरी को 619 मत मिले। इस पद पर नोटा 202 व निरस्त मत 110, कोषाध्यक्ष में विजयी सृष्टि रावत को 1165, विदुषी वर्मा को 1147 मत मिले। इस पद पर नोटा 127 व निरस्त मत 96 रहे।
इसके अलावा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि में तन्मय भंडारी, संकाय प्रतिनिधियों में कला संकाय में अनिल कुमार, वाणिज्य में संध्या कापड़ी, विधि में दिव्यांशी कौशल, प्रबंध अध्ययन में सानिध्य उप्रेती का भी निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की गई।
निर्वाचन प्रक्रिया में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. मनोज कुमार आर्य, प्रो. एचसीएस बिष्ट, प्रो. अशोक कुमार, डा. शुभांगी चन्याल, प्रो.सावित्री कैड़ा जंतवाल, प्रो. लज्जा भट्ट, प्रो. चंद्रकला रावत, प्रो. महेंद्र राणा, डा. हेम जोशी, डा. मोहित रौतेला, डा. दीपक मेलकानी सहित अन्य प्राध्यापक थे जबकि एडीएम विवेक राय, एसडीएम नवाजिश खलीक, सीओ अंजना नेगी, कोतवाली प्रभारी राजेंद्र रावत, एसएसआइ दिनेश जोशी व विमल मिश्रा सहित अन्य ने परिसर में लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाएं परखी।
यह भी पढ़ें- खटीमा छात्रसंघ चुनाव: एबीवीपी के धीरज ने अध्यक्ष पद पर लहराया परचम, चार सीटों पर कब्जा
छात्रों से किए वादे पूरे होंगे
नैनीताल: नवनिर्वाचित छात्रसंघ अध्यक्ष भानू चौहान ने जीत के लिए छात्रों व समर्थकों का आभार प्रकट किया और कहा कि चुनाव में किए गए वादे पूरे किए जाएंगे। खासकर परिसर में फ्री वाइफाई सहित अन्य समस्याओं के समाधान के प्रति प्रतिबद्धता जताई। कहा कि परिसर में लाइब्रेरी में पर्याप्त किताबें उपलब्ध कराई जाएंगी व पानी की समस्या के समाधान किया जाएगा।
