विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्व IAS रामविलास यादव को लगा झटका, हाई कोर्ट ने राहत देने से किया इनकार

Published: Sat, 31 Oct 2026 12:31 PM (IST)

आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपित पूर्व अपर सचिव रामविलास यादव को उत्तराखंड हाई कोर्ट से झटका लगा ...और पढ़ें

फाइल फोटो।

फाइल फोटो।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, नैनीताल। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपित पूर्व अपर सचिव समाज कल्याण रामविलास यादव को उत्तराखंड हाई कोर्ट से झटका लगा है।

कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी और न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय की खंडपीठ ने यादव की ओर से दायर याचिका खारिज कर दी। अदालत ने कहा कि एक ही आरोपों के संबंध में दो समानांतर जांच एक साथ नहीं चल सकतीं। हालांकि, याचिकाकर्ता को अन्य आदेशों को अलग-अलग याचिकाओं के माध्यम से चुनौती देने की छूट दी गई है।

पूर्व आईएएस अधिकारी रामविलास यादव उत्तराखंड सरकार के समाज कल्याण विभाग में अपर सचिव के पद पर कार्यरत रहे हैं। इससे पहले वह उत्तर प्रदेश सरकार में लखनऊ विकास प्राधिकरण के सचिव भी रह चुके हैं। उनके विरुद्ध लखनऊ में एक व्यक्ति ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके आधार पर उत्तराखंड सरकार ने जांच शुरू की थी।

विजिलेंस टीम ने लखनऊ, देहरादून और गाजीपुर स्थित उनके ठिकानों पर छापेमारी की थी। जांच के दौरान आय से अधिक संपत्ति से संबंधित दस्तावेज मिलने की बात सामने आई थी। आरोप था कि संपत्तियां उनके साथ ही उनकी पत्नी के नाम पर भी अर्जित की गई थीं।

इस मामले में सरकार ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। शासन की ओर से 18 अक्टूबर 2021 को आदेश जारी कर उनके विरुद्ध आरोपों की जांच के लिए अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय समिति को भंग कर दिया था। इसका आधार रामविलास यादव के खिलाफ विजिलेंस जांच शुरू होना बताया गया था।

समिति को भंग करने और संबंधित प्राधिकारी की ओर से 15 दिसंबर 2021 को पारित आदेश को चुनौती देते हुए रामविलास यादव ने याचिका दायर की थी। याचिका में समिति को बहाल करने अथवा उससे उच्च स्तर के अधिकारियों की नई समिति गठित करने की मांग की गई थी।

29 अक्टूबर को खंडपीठ ने याचिका में मांगी गई राहत देने से इन्कार कर दिया। अदालत ने स्पष्ट किया कि एक ही आरोपों के संबंध में दो समानांतर जांच नहीं कराई जा सकतीं। साथ ही केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण और राज्य के अन्य प्राधिकारियों के आदेशों को चुनौती देने वाली मांगों पर भी हस्तक्षेप करने से इनकार किया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।