उत्तराखंड में रात को आया भूकंप, 4.4 तीव्रता के झटकों से घबराए लोग, घरों से बाहर निकले
मंगलवार रात करीब 10:23 बजे उत्तराखंड के कई इलाकों में 4.4 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिसका केंद्र बागेश्वर रहा।

HighLights
मंगलवार रात उत्तराखंड में 3.5 तीव्रता का भूकंप आया।
भूकंप का केंद्र बागेश्वर रहा, कई जिलों में झटके महसूस हुए।
लोग घबराकर घरों से बाहर निकले, कोई नुकसान नहीं हुआ।
जागरण संवाददाता, नैनीताल। मंगलवार रात करीब 10:23 से 10:24 बजे के बीच उत्तराखंड के कई जिलों में तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। रुद्रपुर, बागेश्वर, चंपावत और आसपास के क्षेत्रों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। अचानक धरती हिलने का अहसास होते ही लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।
कुछ ही देर में लोगों ने एक-दूसरे को फोन कर भूकंप के झटकों के संबंध में जानकारी लेनी शुरू कर दी। रात में कई इलाकों में लोग कुछ देर तक घरों के बाहर ही खड़े रहे। हालांकि, अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
इसके अलावा, रामनगर, नैनीताल, खटीमा, श्रीनगर गढ़वाल, हल्द्वानी और पौड़ी में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। उत्तरकाशी जनपद में भी 10:24 पर महसूस किए गए भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 4.4 रिक्टर रही और इसका केंद्र चमोली जिले के नारायणबगड़ के पास बताया गया है। जिला आपदा अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि बागेश्वर में भूकंप के झटके महसूस होने की जानकारी मिली है। फिलहाल जिले में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
एकाएक धरती के डोलने से मचा हड़कंप
गरमपानी: भूकंप के झटके से कोसी घाटी के लोग सख्ते में आ गए। करीब छह सेकेंड तक महसूस किए गए झटकों से दहशत में आए लोग घरों से बाहर निकल आए। फिलहाल नुकसान की कोई सूचना नहीं है। इंटरनेट प्लेटफार्म पर भी लोग भूकंप के झटकों की सूचना साझा कर एक दूसरे की कुशलक्षेम लेने में जुटे रहे।
मंगलवार रात लोग भोजन के बाद सोने की तैयारी कर रहे थे कि तभी करीब 10:24 मिनट के आसपास धरती के डोलने से हड़कंप मच गया। दहशत में आए लोग घरों से बाहर निकल आए। वहीं गरमपानी, खैरना व छड़ा बाजार क्षेत्र में स्थित होटल व होमस्टे में रुके पर्यटक भी परिवार समेत हाईवे पर आ गए। हालांकि, स्थिति सामान्य होने के बाद पर्यटक वापस होटलों में चले गए। भूकंप से नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
