यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 29, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Uttarakhand Bypoll : आज से चंंपावत उपचुनाव के लिए मतदान केंद्रों को रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
Champawat by election 31 मई को होने वाले चंपावत उपचुनाव को सम्पन्न कराने के लिए मतदान पार्टियां आज से मतदान ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, चम्पावत : Champawat Bypoll : 31 मई को होने वाले चंपावत उपचुनाव को सम्पन्न कराने के लिए मतदान पार्टियां आज से मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि 29 एवं 30 मई को मतदान पार्टियां गोरलचौड़ मैदान से अपने गंतव्य को रवाना होंगी। उन्होंने बताया कि उपचुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष सम्पन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उन्होंने गोरलचौड़ मैदान पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया और वन पंचायत भवन व नगरपालिका भवन में निर्मित स्ट्रांगरूम का निरीक्षण किया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने तीन जून को होने वाली मतगणना स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पोलिंग पार्टियों तथा निर्वाचन में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए पेयजल, शौचालय, उनके ठहरने आदि की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के निर्देश जिम्मेदार अधिकारियों को दिए।
इस दौरान उन्होंने गोरलचौड़ मैदान में लग रहे टैंट, बेरिकेडिंग कार्य का भी जायजा लेते हुए मतदान सामग्री वितरण एवं मतदान के बाद ईवीएमए वीवी पैट व मतदान सामग्री हेतु बनाए गए क्लेक्शन सेंटर का भी निरीक्षण किया। कहा कि मतदान के बाद मतदान पार्टियां जब लौटती हैं तो रात्रि के समय उन्हें कलेक्शन सेंटर में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। भोजन एवं रहने की व्यवस्था कलेक्शन सेंटर में ही कराई जाए।
मतगणना एवं कलेक्शन सेंटर में शौचालय, साफ सफाई, विद्युत, पेयजल, लंच पैक आदि सभी व्यवस्थाओं को यथासमम पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने स्ट्रांग रूम एवं मतगणना स्थल व परिसर में सुरक्षा की दृष्टि से लगे सीसीटीवी कैमरों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी हेमंत कुमार वर्मा, आरओ हिमांशु कफल्टिया, उप जिलाधिकारी सदर अनिल कुमार चन्याल समेत विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा चुनाव के दिन तक सील
विधानसभा उपचुनाव को देखते हुए भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा 31 मई तकसील कर दी गई है। शुक्रवार की शाम सात बजे से सीमा पर दोनों देशों के नागरिकों की आवाजाही बंद कर दी गई। आरओ हिमांशु कफ्लटिया ने बताया कि मतदान से 72 घंटे पूर्व सीमा सील करने के निर्देश मिले थे। बताया कि मतदान समाप्त होने के बाद मंगलवार देर शाम सात बजे सीमा खोल कर आवागमन सुचारू कर दिया जाएगा।