बिना 'पहचान' उत्तराखंड का नाम रोशन करने गए खिलाड़ी, नेशनल चैंपियनशिप में नहीं मिली ऑफिशियल जर्सी
उत्तराखंड के नन्हे बैडमिंटन खिलाड़ियों को रायपुर में मिनी नेशनल चैंपियनशिप में आधिकारिक जर्सी नहीं मिली, जिससे वे बिना पहचान के खेल रहे हैं।

बिना आधिकारिक ड्रेस नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप में हिस्सा ले रहे उत्तराखंड के खिलाड़ी। सौ. सुधि पाठक

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
ललित मोहन बेलवाल, हल्द्वानी। राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन करने का सपना लेकर रायपुर पहुंचे नन्हे बैडमिंटन खिलाड़ियों को अपनी पहचान बताने वाली आधिकारिक जर्सी तक नहीं मिली। जबकि दूसरे राज्यों के खिलाड़ी आधिकारिक जर्सी के साथ कोर्ट पर उतर रहे हैं। राष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप में बिना पुख्ता तैयारी खिलाड़ियों का प्रतिभाग करने के लिए इस तरह भेजना गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
दरअसल, रायपुर का आई स्पोर्ट्स बैडमिंटन एरीवा मोवा में मंगलवार से अंडर-11 आयु वर्ग में राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धा शुरू हुई है। इसमें 30 राज्यों के 250 से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें उत्तराखंड बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से पांच खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं, जिनमें नैनीताल से आन्या बिष्ट और सार्थक जोशी भी शामिल से हैं।
मंगलवार को जब खिलाड़ी स्पर्धा में हिस्सा लेने लगे तो मालूम हुआ कि उन्हें आधिकारिक ड्रेस ही नहीं मिल पाई है। यह तब है जब अन्य राज्यों के खिलाड़ी अपनी-अपनी आधिकारिक ड्रेस के साथ प्रतिभाग कर रहे हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश के खिलाड़ियों का बिना ड्रेस के खेलना एसोसिएशन की कार्यप्रणाली पर सवाल पैदा करता है। बताया जा रहा है कि जिस स्पान्सर से ड्रेस के लिए करार किया गया था, उसके पास पर्याप्त स्टाक नहीं था। ऐसे में खिलाड़ियों को ड्रेस नहीं दी जा सकी।
मामला संज्ञान में है। किन्हीं वजहों के चलते स्पान्सर ड्रेस उपलब्ध नहीं करा पाया। खिलाड़ियों के लौटने पर हरिद्वार में उन्हें इसे सौंपा जाएगा। - बीएस मनकोटी, सचिव, उत्तराखंड बैडमिंटन एसोसिएशन