शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने कहा - घाटे में चल रहे निकायों को बनाया है आत्मनिर्भर
हरी विकास मंत्री मदन कौशिक नैनीताल लोकसभा पर भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट के प्रचार के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि जब इस विभाग की जिम्मेदारी संभाली।
हल्द्वानी, जेएनएन : शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक नैनीताल लोकसभा पर भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट के प्रचार के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि जब इस विभाग की जिम्मेदारी संभाली। अधिकांश निकाय घाटे में चल रहे थे, लेकिन अब हमारी सरकार ने 65 निकायों को घाटे से उबार दिया है। इसके अलावा सभी क्षेत्रों में विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।
सोमवार को रामपुर रोड स्थित एक होटल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कौशिक ने राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाई और कहा कि पांचों सीटों पर भाजपा जीत रही है। 2014 के चुनाव से बेहतर प्रदर्शन रहेगा। इस बार और अच्छा माहौल है। मोदी सरकार के विकास के मुद्दे पर हम चुनावी मैदान में हैं। देश राष्ट्रवाद की तरफ बढ़ रहा है। जनता कांग्रेस की हकीकत भी समझ गई है। जिस तरह कांग्रेस ने सेना के पराक्रम को लेकर सुबूत मांगे। इससे उनकी असली चेहरा भी सभी के सामने उजागर हो चुका है। जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट ने कहा कि ग्राउंड लेवल पर काम की वजह से ही जनता फिर से मोदी सरकार चाहती है।
हरीश रावत ने माना वह हैं एकलू वानर- कोश्यारी
हल्द्वानी : पूर्व सीएम व सांसद भगत सिंह कोश्यारी ने एक बार फिर कहा कि हरीश रावत ने मान लिया है कि वह एकलू वानर हैं। हालांकि, रावत की ओर से उन्हें भीगा घुघुत कहने पर उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। कोश्यारी ने कहा कि देश में मोदी की लहर है। राज्य में हम पांचों सीटों पर जीत रहे हैं।सोमवार को कुमाऊं संभाग कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि देश में राष्ट्रवाद का माहौल है। आम जनता केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों से खुश हैं। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम आदमी को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अजय भट्ट बेहतर प्रत्याशी हैं। वह नैनीताल सीट पर मुझसे अधिक वोटों से जीत हासिल करेंगे। इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, लोकसभा प्रभारी दान सिंह रावत, मीडिया प्रभारी प्रकाश रावत, सुरेश तिवारी, डॉ. अनिल कपूर डब्बू आदि शामिल रहे हैं।