विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड के इस शहर में अंग्रेजों के जमाने का ट्रामवे इंजन और हाथी हल, संरक्षित करेगा यूएफटीए

Published: Thu, 26 Nov 2026 10:39 AM (IST)Updated: Thu, 26 Nov 2026 11:05 AM (IST)

हल्द्वानी में उत्तराखंड वानिकी प्रशिक्षण अकादमी (यूएफटीए) अंग्रेजों के दौर के ट्रामवे इंजन, हाथी हल और बैरल को संरक्षित कर रही है। पांच लाख से अधिक की लागत से शेड का निर्माण किया जा रहा है ताकि वन निगम की इस ऐतिहासिक विरासत को धूप-बारिश से बचाया जा सके।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।


प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। अंग्रेजों के दौर के ट्रामवे इंजन को संरक्षित किया जाएगा। रामपुर रोड स्थित उत्तराखंड वानिकी प्रशिक्षण अकादमी (यूएफटीए) परिसर में रखे गए ट्रामवे इंजन के साथ-साथ हाथी हल और बैरल को भी संरक्षित रखने के लिए कदम उठाए जाएंगे।

वन निगम की ओर से 19वीं सदी में इन उपकरणों का इस्तेमाल वन संबंधी कार्यों में किया जाता था। तकनीक के विकास के साथ इनका इस्तेमाल बंद हो गया और इन्हें वन निगम की विरासत के तौर पर यूएफटीए परिसर में रखा गया है। कई वर्षों से खुले परिसर में होने के चलते ये धूप-बारिश के सीधे प्रभाव में आ रहे थे, जिससे इनके स्वरूप में बदलाव की आशंका थी।

ऐसे में यूएफटीए की ओर से इनके ऊपर शेड का निर्माण किया जा रहा है। पांच लाख रुपये से अधिक की लागत से यह निर्माण किया जाएगा, ताकि यह संरक्षित रह सके। यूएफटीए के उपनिदेशक सूरज तिवारी ने बताया कि ये वन निगम की विरासत हैं। यूएफटीए निदेशक संजीव चतुर्वेदी के निर्देश पर इनके ऊपर शेड तैयार किए जा रहे हैं।

लकड़ी की ढुलाई के लिए होता था ट्रामवे का इस्तेमाल

आजादी से पहले का दौर था, जब वनों पर ब्रिटिश हुकूमत का अधिकार था। तब जंगलों के भीतर से लकड़ी की ढुलाई आसान बनाने के लिए ट्रामवे का इस्तेमाल किया जाता था। यूएफटीए में रखा गया ट्रामवे इंजन वर्ष 1929 में इंग्लैंड की एक कंपनी से खरीदा गया था।

तब ट्रामवे का इस्तेमाल कर चोरगलिया से लालकुआं तक लकड़ी की ढुलाई की जाती थी। लेकिन, परिवहन के नए साधन आने के बाद इसका इस्तेमाल बंद कर दिया गया था। ऐसे में ट्रामवे इंजन को 1989 में यूएफटीए परिसर में खड़ा कर दिया गया।

1960 में हाथी करते थे भूमि की जुताई

वर्ष 1960 के दौरान तराई और भाबर के क्षेत्रों में बड़े स्तर पर पौधरोपण किया जाता था। इनके लिए बड़े पैमाने पर भूमि की जुताई करनी होती थी। तब हाथियों के जरिए विशेष प्रकार के हल से जुताई की जाती थी। बाद में हाथी हल से जुताई बंद हो गई और ट्रैक्टर का इस्तेमाल होने लगा।

वहीं, द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान कुमाऊं के वनों से बड़े पैमाने पर प्रकाष्ठ को काटकर ब्रिटेन भेजा जाता था। तब लोहे के बैरल का इस्तेमाल चीड़ के पेड़ों से निकाले गए कच्चे लीसे को एकत्र करने, सुरक्षित रखने और ढुलान के लिए किया जाता था। इन्हीं बैरल में से एक को यहां रखा गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।