यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 04, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गैस सिलेंडर को माला पहनाकर दी श्रद्धांजलि, रखा दो मिनट का मौन
कांग्रेसियों ने रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दाम के विरोध में प्रदर्शन किया और रसोई गैस सिलेंडरों को माला पहनाकर अगरबत्ती व दीया जलाकर श्रद्धांजलि दी।

हल्द्वानी, [जेएनएन]: ढाई गुने से भी अधिक बढ़ चुके रसोई गैस सिलेंडर के दामों का कांग्रेसियों ने विरोध में अलग अंदाज में किया। काग्रेस नेता हेमंत साहू के नेतृत्व में गुरुवार को बुद्ध पार्क में कार्यकर्ता एकत्र हुए। प्रदर्शन किया व रसोई गैस सिलेंडरों को माला पहनाकर अगरबत्ती व दीया जलाकर श्रद्धांजलि दी। फिर दो मिनट का मौन व्रत रखकर दुख प्रकट करते हुए सिलेंडर को विदाई दी। आखिर में लकड़ी का चूल्हा जलाया गया।

इस दौरान आयोजित सभा में साहू ने कहा मोदी सरकार अच्छे दिनों की बात करती, जबकि अच्छे दिन भाजपा की सरकार आने के साथ ही खत्म हो गये थे। 350 रुपया वाला सिलेंडर 900 रुपये का हो चुका है। आम जनता को आम चुनाव का इंतज़ार है। इसी के जरिये लोग भाजपा को सबक सिखाएंगे।
पूर्व पार्षद राजेन्द्र बिष्ट व हृदयेश कुमार, सचिन राठौर व सालिम सिद्दीकी ने कहा रसोई गैस ने घर का बजट बिगाड़ के रख दिया है। डीजल पेट्रोल के दाम आसमान छू रहे हैं दिनों दिन भाजपा के प्रति जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सभा मे सतीश पाल, जमील कुरैशी, ममता गौड, देवकी देवी, तलत एहतेशाम, रईस, योगेश कबड़वाल, मो.असलम, चम्पा सक्सेना, विनोद कांडपाल, रवि सागर, प्रेमा आदि थे।
