बिना अनुमति किरायेदार व्यापारियों ने निगम की दुकान पर कर डाला दोमंजिला निर्माण
कारखाना बाजार स्थित नगर निगम की दुकानों पर मनमाने तरीके से निर्माण कराने का मामला सामने आया है। निगम के किरायेदार व्यापारियों ने मनमाने ढंग से दो दुकानों को दोमंजिला बना दिया।
हल्द्वानी, जेएनएन : कारखाना बाजार स्थित नगर निगम की दुकानों पर मनमाने तरीके से निर्माण कराने का मामला सामने आया है। निगम के किरायेदार व्यापारियों ने मनमाने ढंग से दो दुकानों को दोमंजिला बना दिया। व्यापारियों ने अवैध निर्माण पर लिंटर तक डाल दिया, लेकिन निगम प्रशासन पूरे प्रकरण से अनजान बना रहा।
शहर में नगर निगम की एक हजार से अधिक दुकानें हैं। नियमानुसार किराये की दुकान पर काबिज व्यक्ति किसी तरह का निर्माण नहीं करा सकता। इस सबके बावजूद व्यापारियों की मनमानी जारी है। कारखाना बाजार में नगर निगम की दुकान पर राजपाल शूज व मैडोना शू कलेक्शन सेंटर हैं। दोनों व्यापारी लंबे समय से दुकानों पर काबिज हैं। आपस में सटी दोनों दुकानों को चुपके से दोमंजिला कर दिया गया। दुकानों पर लिंटर तक पड़ गया, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। अधिकारियों के निर्वाचन ड्यूटी में व्यस्त होने का फायदा उठाकर निर्माण करा दिया गया।
सुबह मिली सूचना, शाम पहुंचे अधिकारी
किसी व्यक्ति ने शनिवार सुबह निगम के अधिकारियों को अवैध निर्माण की जानकारी दी। जानकारी मिलने के बाद देर शाम कर निरीक्षक भरत त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। उनके सामने भी निर्माण जारी था। त्रिपाठी ने दुकान स्वामी संजय जायसवाल व गिरीश राजपाल से निर्माण की अनुमति संबंधी दस्तावेज मांगे, तो दोनों कुछ नहीं दे पाए। इस पर त्रिपाठी ने निर्माण रुकवा दिया है।
यह है निर्माण का प्रावधान
नियमानुसार भवन स्वामी की अनुमति के बगैर किरायेदार बिल्डिंग या उसके किसी हिस्से में निर्माण, मरम्मत आदि नहीं करा सकता। जरूरी होने पर नगर निगम की मार्केटिंग कमेटी निर्माण का आकलन करती है, जिसे बोर्ड बैठक में लाया जाता है। नियम-शर्ते, दर आदि तय होने के बाद ही निर्माण कराया जा सकता है।
सुनिए क्या कहते हैं नगर आयुक्त
नगर आयुक्त सीएस मर्तोलिया का कहना है कि मामला संज्ञान में आने के बाद टीम मौके पर भेजी गई थी। निर्माण कार्य तत्काल रुकवा दिया गया है। निरीक्षण करने वाली टीम की रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : दोस्तों के साथ नहाने गए १०वीं के छात्र की गौला नदी में डूबकर मौत, परिवार में कोहराम
यह भी पढ़ें : निर्माण पर सख्ती : डीएम, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड व सचिव शहरी विकास देंगे हलफनामा