कॉर्बेट पार्क: तीन महीने के ब्रेक के बाद लौटी बहार, पहले दिन दौड़ीं 65 जिप्सियां... मोबाइल बैन
कॉर्बेट से सटे तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फाटो व हाथीडगर पर्यटन जोन में तीन माह बाद जंगल सफारी और नाइट स्टे फिर से शुरू हो गया है।
HighLights
फाटो व हाथीडगर पर्यटन जोन में तीन माह बाद पर्यटन शुरू
पहले दिन 65 जिप्सियों से पर्यटकों ने जंगल सफारी का लुत्फ उठाया
वन विभाग ने सफारी जोन में मोबाइल पर प्रतिबंध की तैयारी की
जागरण संवाददाता, रामनगर। तीन माह बाद क्षेत्र में पर्यटन सत्र का शुभारंभ हो गया। कॉर्बेट से लगे तराई पश्चिमी वन प्रभाग के अंतर्गत फाटो व हाथीडगर पर्यटन जोन में जंगल सफारी व नाइट स्टे गुरुवार से शुरू हो गया।
तराई पश्चिमी वन प्रभाग का फाटो व हाथीडगर पर्यटन जोन 30 जून से मानसून सीजन की वजह से पर्यटकों के लिए बंद हो गया था। 21 सितंबर से दोनों जोन में सफारी व नाइट स्टे के लिए आनलाइन एडवांस बुकिंग शुरू हो गई थी।
मिठाई खिलाकर पर्यटकों को सफारी के लिए भेजा
आज एक अक्टूबर को फाटो गेट पर विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने फीता काटकर व हरी झंडी दिखाकर पर्यटन सत्र का शुभारंभ कर जिप्सियों को सफारी के लिए रवाना किया। मिठाई खिलाकर पर्यटकों को सफारी के लिए भेजा गया।
यह भी पढ़ें- जंगल सफारी घूमने वालों की हुई मौज, अब घर बैठे मिलेगी बड़ी सुविधा; टिकट और गेस्ट हाउस को लेकर आया बड़ा अपडेट
पहले दिन सुबह की पाली में निर्धारित 50 व हाथीडगर पर्यटन जोन में 15 जिप्सियों से पर्यटक जंगल सफारी के लिए गए। दोपहर की पाली में भी 50 जिप्सियां सफारी के लिए बुक हैं।
मोबाइल पर प्रतिबंध
वन विभाग ने कॉर्बेट की तर्ज पर इस बार मोबाइल पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर ली है। पहले दिन सफारी के लिए आए लखनऊ, गाजियाबाद, दिल्ली आदि जगह से भी पर्यटक पहुंचे थे।
वन्य प्राणी सप्ताह का हुआ शुभारंभ
रामनगर : वन्य प्राणियों व पर्यावरण के प्रति संरक्षण की भावना जागृत करने के लिए गुरुवार से साइकिल रैली के साथ वन्य प्राणी सप्ताह गुरुवार से शुरू हो गया।
कॉर्बेट वन परिसर से 15 किलोमीटर तक साइकिल रैली निकाली गई। कॉर्बेट परिसर में संकल्प बैनर पर हस्ताक्षर कर लोगों ने वन्य जीवों के संरक्षण के लिए अपनी प्रतिबद्धता भी जताई। साइकिल रैली के विजेता बच्चों को सात अक्टूबर को समापन पर पुरस्कार दिया जाएगा।
इससे पूर्व सीटीआर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उपनिदेशक राहुल मिश्रा ने वन्य प्राणी सप्ताह के महत्व की जानकारी दी। इसके बाद विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना किया। साइकिल रैली में कॉर्बेट कर्मचारी, वन्य जीव प्रेमी व बच्चों ने भी भाग लिया।
रैली में शामिल लोग व बच्चे स्लोगन के जरिए पेड़ न काटने, पालीथिन बन्द करने, वन्य जीवों की सुरक्षा के स्लोगन लिखकर लाए थे। इस दौरान एसडीएम गोपाल सिंह चौहान, पार्क वार्डन बिंदर पाल, बिजरानी रेंजर नवीन चन्द्र पांडे, उपनिदेशक नीरज शर्मा मौजूद रहे।
