मैन ईटर के साथ ही मैन हेटर होने की आशंका
राकेश सनवाल भीमताल भीमताल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत स्थित ओखलकांडा में तेंदुए ने चार दिन में तीन महिलाओं का शिकार कर लिया।
राकेश सनवाल, भीमताल
भीमताल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत स्थित ओखलकांडा में चार दिनों के भीतर तीन महिलाओं को अपना निवाला बनाने वाला तेंदुआ मैन ईटर के साथ ही मैन हेटर भी हो सकता है। मामले के जानकार यही आशंका व्यक्त कर रहे हैं।
बीती 21 अक्टूबर को वन्यजीव ने तुषराड़ में लगभग 13 वर्षीय नेहा कफल्टिया पुत्री हृदयेश कफल्टिया को उसके घर के आंगन में ही मार डाला। इस घटना के अगले दिन 22 अक्टूबर को कूकना गांव के बजवाल तोक में लगभग 18 वर्षीय चंपा देवी पुत्री प्रकाश परगाई को भी मार डाला। अभी इस घटना को चौबीस घंटे भी नहीं बीते कि बजवाल गांव से मात्र दस किमी की दूरी पर स्थित धैना गांव में खिमुली देवी पत्नी हरीश सिंह को अपना निवाला बना दिया। इन घटनाओं के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल है। भीमताल में वन विभाग से मान्यता प्राप्त शिकारी विपिन चंद्रा बताते हैं कि जिस तरह से लगातार एक ही क्षेत्र में तेंदुआ महिलाओं को अपना निवाला बना रहा है, इससे उसके नरभक्षी होने के साथ ही मैन हेटर होने की भी आशंका है। इतिहास के हवाले वह बताते हैं कि कर्नाटक के बंगलुरु में एक तेंदुए के दो बच्चों को उसकी मां के सामने किसी ने मार डाला था, जिसके बाद उस वन्यजीव ने क्षेत्र में काफी दहशत फैलाई थी। उन्होंने यह भी बताया कि तेंदुआ जब भूखा होता है, निश्चित तौर पर हमला करता है। हालांकि यहां के मामले में उसके भूखे रहने की आशंका कम है, लेकिन जिस तरह से वह केवल महिलाओं को निवाला बना रहा है, इससे उसका व्यवहार मैन हेटर का अधिक प्रतीत हो रहा है।