Nainital Weather Forecast : सितंबर में पहली बार 35 डिग्री के पार तापमान, अगले चार दिन तेज बारिश के आसार कम
बारिश का दौर थमते ही तापमान गति पकड़ने लगा है। हल्द्वानी में सितंबर में पहली बार तापमान 35 डिग्री के पार पहुंच गया।
हल्द्वानी, जेएनएन : बारिश का दौर थमते ही तापमान गति पकड़ने लगा है। हल्द्वानी में सितंबर में पहली बार तापमान 35 डिग्री के पार पहुंच गया। मंगलवार को हल्द्वानी का तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। सामान्य के मुकाबले यह तीन डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री रहा। यह सामान्य से दो डिग्री ऊपर है। मौसम विभाग के मुताबिक आगले चार दिनों तक बारिश के आसार कम हैं। ऐसे में गर्मी और उमस बरकरार रहेगी।
बुधवार सुबह हल्द्वानी में चटख धूप निकली है। वहीं कुमाऊं के अधिकांश स्थानों पर धूप खिली हुई है तो कुछ जगहों पर आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं। पिछले दो दिनों में तापमान में तीन डिग्री की तेजी आई है। मौसम विभाग ने अगले चार दिन बारिश की संभावना से इन्कार किया हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक 12 सितंबर तक प्रदेश में बारिश के लिए मजबूत सिस्टम बनता नहीं दिख रहा। हालांकि नैनीताल और पिथौरागढ़ जिले में कुछ जगहोें पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।
यह भी पढ़ें
नैनीताल- भवाली रोड में कैलाखांन के पास दरकी सड़क को मिट्टी से पाटने में जुटा विभाग