नैनीताल में दिल्ली की महिला पर्यटक से दुष्कर्म का प्रयास और लूट का मामला, टैक्सी चालक गिरफ्तार
दिल्ली से नैनीताल आई एक महिला पर्यटक से छेड़छाड़ और लूटपाट की कोशिश के आरोप में टैक्सी चालक को गिरफ्तार ...और पढ़ें

दिल्ली से नैनीताल घुमाने आई थी महिला। प्रतीकात्मक

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। दिल्ली से नैनीताल घूमने आई एक महिला पर्यटक के साथ छेड़छाड़ और लूट की कोशिश करने वाले टैक्सी चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। साथ ही पीड़ित का लूटा हुआ मोबाइल भी बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, 05 मार्च को दिल्ली से देहरादून होते हुए एक महिला पर्यटक हल्द्वानी पहुंची। यहां से वह ऑटो के माध्यम से काठगोदाम आई और नैनीताल जाने के लिए एक टैक्सी किराए पर ली।
रास्ते में करीब रात 1:30 बजे बल्दियाखान के पास टैक्सी चालक ने वाहन को नैनीताल की बजाय सुनसान रास्ते की ओर मोड़ दिया। आरोप है कि चालक ने महिला के साथ छेड़छाड़ करने का प्रयास किया और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। किसी तरह महिला वहां से निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण कर फॉरेंसिक टीम से साक्ष्य जुटाए। पीड़िता की तहरीर के आधार पर तल्लीताल थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपित की पहचान कर उसे पाइन फ्लैट्स रोड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के कब्जे से पीड़िता का लूटा हुआ मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया, जबकि घटना में प्रयुक्त वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान दीपक सिंह बोरा (39 वर्ष) पुत्र नन्दन सिंह बोरा, निवासी गुजरौड़ा फतेहपुर, थाना मुखानी, नैनीताल के रूप में हुई है। एसएसपी नैनीताल ने बताया कि महिला और पर्यटकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
