करवट बदलता मौसम : सोमवार व मंगलवार को नैनीताल-मुक्तेश्वर में होगी बर्फबारी
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज करवट बदलने वाला है। कुमाऊं के अधिकांश इलाकों में 21 और 22 जनवरी को बारिश की संभावना है। ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी हो सकती है।
हल्द्वानी, जेएनएन : उत्तराखंड में मौसम का मिजाज करवट बदलने वाला है। कुमाऊं के अधिकांश इलाकों में 21 और 22 जनवरी को बारिश की संभावना है। ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी हो सकती है। नैनीताल व मुक्तेश्वर में भी हिमपात के आसार बन रहे हैं। फिलहाल रविवार को पिथौरागढ़ में हल्की बारिश व बर्फबारी होगी। जबकि अन्य स्थानों पर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और मौसम शुष्क रहेगा।
शनिवार को तराई-भाबर सहित अन्य स्थानों पर मौसम साफ रहा। हल्द्वानी-पंतनगर में अधिकतम तापमान 23.2 एवं न्यूनतम 3.6, मुक्तेश्वर में अधिकतम 16.0 और न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दोपहर के समय तापमान बढऩे से ठंड से राहत मिली है, लेकिन रात्रि के समय पड़ रही सूखी ठंड से फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं। अगले 24 घंटे में मौसम बदलने से बारिश का इंतजार कर रहे काश्तकारों को कुछ राहत जरूर मिल सकती है।
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि अभी तक पश्चिमी विक्षोभ के मजबूत होने के संकेत मिल रहे हैं। यह इसी तरह मजबूत रहा तो 21 व 22 जनवरी को नैनीताल, मुक्तेश्वर, पिथौरागढ़ सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी होगी। जबकि मैदानी इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है।
यह भी पढ़ें : खुशखबरी : अब पंतनगर एयरपोर्ट से कोहरे में भी उड़ सकेंगे विमान