नैनीताल में फिर हिमपात, तीन इंच मोटी परत जमी
सरोवर नगरी में दो दिन पहले शुरू हुआ बर्फबारी का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा।
जागरण सवंाददाता, नैनीताल : सरोवर नगरी में दो दिन पहले शुरू हुआ बर्फबारी का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। नगर की ऊंची चोटियां बर्फ से लकदक हो गई हैं। निचले इलाकों के कई क्षेत्र भी बर्फ की सफेद चादर से ढक गए हैं।हिमपात से शहर में कड़ाके की ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
बुधवार की सुबह से ही शुरू हुई बर्फबारी से मल्लीताल, हाई कोर्ट, डीएसबी, स्टोनले, रतन कॉटेज, राजभवन आदि क्षेत्र हिम की चादर में तब्दील हो गए। मौसम के खराब मिजाज से रोजमर्रा के कार्य बाधित हुए। मल्लीताल में बिजली सप्लाई ठप होने से सुबह पूरे शहर में पानी की आपूर्ति ठप रही। दोपहर बाद एक बजे पानी की आपूर्ति हुई। बिजली कई बार गुल होती रही। अत्यधिक ठंड के चलते लोगों को हीटर व आग के सहारे दिन गुजारना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को भी मौसम कुछ इसी तरह का रहेगा। जीआइसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार करीब तीन इंच हिमपात हुआ है। तापमान अधिकतम 10 व न्यूनतम दो डिग्री सेल्सियस रहा। आर्द्रता अधिकतम 85 व न्यूनतम 65 प्रतिशत दर्ज की गई। सैलानियों के लिए सौगात लाया मौसम
नैनीताल : नगरवासियों के लिए बर्फबारी से जीवन जहां दुश्वार हो गया हो, वहीं सैलानियों के लिए सौगात लेकर आया है। सुबह से ही सैलानियों का पहुंचना शुरू हो गया था, जो देर रात तक जारी रहा। इस बीच नगर के पर्यटन स्थल सैलानियों से पटे रहे। बर्फबारी में सैलानियों के आगमन से पर्यटक कारोबारी खुश हैं। हल्द्वानी में सात, मुक्तेश्वर में पांच डिग्री लुढ़का तापमान
हल्द्वानी: उत्तराखंड में मौसम के बदले मिजाज से कई शहरों में तापमान में जबरदस्त गिरावट आई है। कुमाऊं के कई पर्वतीय क्षेत्रों में दस साल बाद बर्फबारी हुई। जिससे अनेक स्थानों पर बुधवार का दिन बेहद सर्द रहा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार तराई-भाबर सहित कुमाऊं के पर्वतीय इलाकों में बादल जमकर बरसे। मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री तक लुढ़क गया। हल्द्वानी में अधिकतम तापमान 17.9 एवं न्यूनतम 12.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मुक्तेश्वर में औसत तापमान में पांच डिग्री की गिरावट आई। यहां अधिकतम 1.6 व न्यूनतम तापमान माइनस 1.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। नैनीताल में पारा 2.0 डिग्री पर पहुंच गया। फरवरी में मौसम के बदले मिजाज से पिथौरागढ़ के शहरी क्षेत्र में 14 साल बाद बर्फबारी हुई। जबकि अल्मोड़ा व चम्पावत के शहरी क्षेत्र में सात साल बाद लोगों ने बर्फबारी का नजारा देखा।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार की शाम से बुधवार सुबह तक मुक्तेश्वर में 14.8 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। जबकि तराई-भाबर में 4.0 एमएम बारिश हुई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन तमाम मैदानी व पर्वतीय इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा।