एसई संजय अध्यक्ष, ईई विशाल व सुनील को सचिव का जिम्मा
हल्द्वानी में उत्तराखंड इंजीनियर्स फेरडेशन की पहली जिला कार्यकारिणी का शुक्रवार को गठन किया गया। जिसमें एसई संजय को संगठन का जिलाध्यक्ष बनाया गया।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : उत्तराखंड इंजीनियर्स फेरडेशन की पहली जिला कार्यकारिणी का शुक्रवार को गठन किया गया। सर्वसम्मति से सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता संजय शुक्ल को फेडरेशन का जिलाध्यक्ष और जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता विशाल सक्सेना व लोनिवि एनएच के ईई सुनील कुमार को सचिव मनोनीत किया गया। इस मौके पर संगठन की मजबूती पर जोर दिया गया।
उत्तराखंड इंजीनियर्स फेडरेशन के प्रांतीय उपाध्यक्ष संजीव कुमार गौतम की देखरेख में जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया। प्रांतीय उपाध्यक्ष संजीव कुमार गौतम ने बताया कि जिला उपाध्यक्ष अधिशासी अभियंता मृदुला सिंह व कोषाध्यक्ष सिंचाई विभाग के एई अमित बंसल को बनाया गया है। इस दौरान इंजीनियर मोहन चंद्र पांडे, रंजीत रावत, एएस अंसारी, संतोष कुमार उपाध्याय, नंद किशोर, हरीश चंद्र सिंह, जावेद अनवर, शाहनवाज व संजय सिंह समेत सिंचाई विभाग, लोनिवि, जल संस्थान, जल निगम आदि महकमों के इंजीनियर मौजूद रहे। इस मौके पर मौजूद सभी अभियंताओं ने मजबूत संगठन की पैरवी की। उनका कहना था कि अभियंताओं के हितों की रक्षा के लिए अब ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा अभियंताओं का उत्पीड़न कतई बर्दास्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विकास कार्यो में राजनीतिक हस्तक्षेप की बढ़ती प्रवृत्ति पर भी नाराजगी जताई और इस पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने पर बल दिया।
बैठक में प्रांतीय उपाध्यक्ष संजीव कुमार गौतम ने बताया कि संगठन का उद्देश्य इंजीनियरों की समस्याओं को उठाकर समाधान के साथ ही इंजीनियरिग की नवीनतम तकनीकि जानकारियां आपस में बांटकर राज्य में गुणवत्तापूर्वक काम कराना है। उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए सभी से सहयोग का आह़वान किया। जिस पर सभी ने सहमति जताई ।