काशीपुर में 30 को महापंचायत करेगा सफाई कर्मचारी महासंघ, आ सकते हैं सीएम भी
देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी महासंघ की प्रदेश, जिला, मंडल एवं शाखा इकाइयों की महापंचायत 30 जनवरी को काशीपुर में आयोजित की जा रही है।
नैनीताल, जेएनएन : देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी महासंघ की प्रदेश, जिला, मंडल एवं शाखा इकाइयों की महापंचायत 30 जनवरी को काशीपुर में आयोजित की जा रही है। जिसमें मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत व शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक के भी आने की संभावना है।
संगठन के प्रदेश महासचिव गोविंद टांक ने बताया कि सफाई कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी की जाती रही है। तीन-चार दशक की सेवा के बाद भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन, ग्रेच्युटी का समय पर भुगतान नहीं होता, लिहाजा जिला पंचायत की तरह पेंशन, ग्रेच्युटी की धनराशि सरकार को वहन करनी चाहिए। संगठन की मांग है कि नगर निकायों में ठेकेदारी प्रथा खत्म कर सीधी भर्ती से नियुक्तियां की जाएं। आबादी में बढ़ोतरी के हिसाब से सफाई कर्मचारियों के पद भी बढ़ाए जाएं। निकाय के आवासों में पीढिय़ों से रह रहे सफाई कर्मचारियों को मालिकाना हक प्रदान किया जाए। प्रदेश महासचिव ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री मांगों का संज्ञान नहीं लेंगे तो हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से गुहार लगाई जाएगी। फिर भी समाधान नहीं होगा तो हड़ताल की जाएगी। उन्होंने पदाधिकारियों से महापंचायत में भागीदारी की अपील की है।
यह भी पढ़ें : बेतालघाट ब्लॉक में बदली तस्वीर, एक हजार लड़कों पर 1298 बेटियां