स्कूल की दीवारों पर अपने कलात्मक हुनर से बच्चाें में पढ़ाई के प्रति रुचि पैदा कर रही हैं राजेश्वरी
तरुश्री अवार्ड से सम्मानित कला की शिक्षिका राजेश्वरी अपनी रचनात्मकता से बालिकाओं को मुख्यधारा से जोडऩे में लगी हुई है।
बागेश्वर, जेएनएन : तरुश्री अवार्ड से सम्मानित कला की शिक्षिका अपनी रचनात्मकता से बालिकाओं को मुख्यधारा से जोडऩे में लगी हुई है। आज उनके प्रयासों से उनका विद्यालय अभिनव प्रयोग के चलते प्रदेश के बेहतरीन विद्यालयों में शुमार हो गया हैं।
बागेश्वर जिले की गरुड़ तहसील स्थित पदम सिंह परिहार राजकीय इंटर कॉलेज वच्यूला में शिक्षिका राजेश्वरी कार्की को मई 2016 को तैनाती मिली। कला की शिक्षिका ने कुछ दिनों बाद ही स्वच्छ भारत मिशन, मतदान, संचार के संदेश से प्रभावित होकर इस थीम को दीवार पर अपने हुनर से उकेरना शुरू कर दिया। कला विषय के बच्चों को साथ लेकर उन्होंने स्कूल की दीवारों पर प्रकृति से जुड़ी कलाकृतियां बनानी शुरू कर दी। छात्राओं को पर्यावरण संवर्धन और संरक्षण के अलावा स्वच्छता, बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ अभियान में बढ़चढ़कर अभियानों का हिस्सा बनाया। अपनी रचानात्मक कार्यों के जरिए आज वह अन्य शिक्षकों के लिए भी नजीर बन गई हैं। स्कूल की दीवारों पर प्रेरणा देने वाले कलात्मक चित्र उकेरने शुरू किए तो बालिकाओं की कला से स्कूल की दीवारें बोलने सी लगी हैं। दीवारों पर सुंदर और ज्ञानप्रद कलाकृतियां बनने से बच्चों को भी स्कूल खूब भाता है। स्कूल में रखे गमलों में ऐपण बनाए गए। स्कूल की दीवारों पर उनके द्वारा बनाई गई कलाकृतियों ने स्कूल की सुंदरता पर चार-चांद लगा दिए। जिसके फलस्वरुप वच्यूला इंटर कालेज को तरुश्री अवार्ड के लिए वर्ष 2017 में चयनित उत्तराखंड के तीन स्कूलों में स्थान मिला।
वॉल पेंटिंग के गुर सीख रहे बच्चे
राजकीय इंटर कालेज वच्यूला के छात्र-छात्राओं में कला के प्रति सम्मान बढ़ा है। वे अन्य विषयों के साथ ही कला विष्ज्ञय को अतिरिक्त विषय के रूप में पढ़ रहे हैं। बच्चे कला के हुनर को सीख कर इसे रोजगार के रुप में भी देख रहे हैं।
कला के प्रति बच्चों में रुचि बढ़ी
राजेश्वरी, शिक्षिका, राइंका वच्यूला ने बताया कि एक ओर जहां दीवारों पर बने संदेश स्कूल में आने वालों को काफी प्रभावित कर रहे हैं, वहीं स्कूल के बच्चों में कला के प्रति रुचि बढऩे लगी है।
प्रतिभा छुपी नहीं रह सकती
आर सकलानी, सीईओ, बागेश्वर ने कहा कि कई शिक्षक अपने क्षेत्र में अच्छा काम कर रहे हैं और शिक्षकों को सम्मान भी मिल रहा है। प्रतिभा कभी भी छुप नहीं सकती है। राइंका वच्यूला की शिक्षिका ने यह कर दिखाया है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप