ट्रेनों में घटनाएं रोकने के लिए रेलवे अलर्ट, समस्या होने पर हेल्पलाइन नंबर 182 डायल करने की अपील
पीआरओ ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक के निर्देश पर रेलवे सुरक्षा बल नशाखोरी के मामलों के उन्मूलन के लिए विशेष जागरूकता अभियान इज्जतनगर मंडल में चला रहा है। इसके तहत रेल यात्रियों के बीच रेलवे सुरक्षा बल की हेल्पलाइन संख्या 182 का व्यापक प्रचार किया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : पूर्वोत्तर रेलवे का इज्जतनगर मंडल यात्रियों व रेल संपति की सुरक्षा के लिए अलर्ट हो गया है। यात्रियों को जागरूक कर जहरखुरानी व अन्य घटनाओं को रोकने का प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। रेलवे के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष पंत के निर्देश पर रेलवे सुरक्षा बल नशाखोरी के मामलों के उन्मूलन के लिए विशेष जागरूकता अभियान इज्जतनगर मंडल में चला रहा है।
इस अभियान के तहत रेल का सफर कराने वाले यात्रियों के बीच रेलवे सुरक्षा बल की हेल्पलाइन संख्या 182 का व्यापक प्रचार किया जा रहा है। साथ ही महिला यात्रियों से ट्रेनों अथवा रेल परिसर में छेडख़ानी की घटनाओं की शिकायत तत्काल रेलवे सुरक्षा बल की हेल्पलाइन 182 पर करने की अपील की जा रही है। रेल सुरक्षा बल प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई कर रहा है। यदि किसी भी रेल यात्री को कोई खोया हुआ बच्चा मिलता है तब भी हेल्प लाइन मदद करती है।
रेलवे सुरक्षा बल ने कई गुमशुदा बच्चों को उनके अभिभावकों से मिलवाया है। चोरी, डकैती आदि की शिकायतें भी रेल सुरक्षा बल की हैल्प लाइन पर दर्ज कराई जा सकती हैं। विगत दिवस काशीपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा बल द्वारा गाड़ी संख्या 05314 के यात्रियों को जहरखुरानी घटनाओं को रोकने के बारे में जागरूक किया। मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष पंत ने सभी रेल यात्रियों एवं रेल का सफर करने वाले यात्रियों से अपील की है कि वे रेल सुरक्षा बल हेल्पलाइन नंबर 182 का बेहिचक उपयोग कर यात्रा सुरक्षित और आरामदायक बनाएं।