तराई-भाबर व नैनीताल में आज और कल भारी बारिश की संभावना NAINITAL NEWS
मानसून में बारिश अगले सप्ताह तक लगातार जारी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को समूचे उत्तराखंड में अधिकांश स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
हल्द्वानी, जेएनएन : मानसून में बारिश अगले एक सप्ताह तक लगातार जारी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को समूचे उत्तराखंड में अधिकांश स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। कुमाऊं क्षेत्र में नैनीताल, चम्पावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बुधवार को झमाझम बारिश का दौरा जारी रहा। लगातार बारिश से अधिकतम तापमान में चार से छह डिग्री की गिरावट आई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को भी नैनीताल, चम्पावत, ऊधमसिंहनगर, पिथौरागढ़ में भारी बारिश हो सकती है। कुमाऊं में अगले एक सप्ताह तक मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने की संभावना है। मैदानी इलाकों में लगातार बारिश से उमस और गर्मी से राहत मिली है। बुधवार को हल्द्वानी में अधिकतम तापमान 33.6 व न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस रहा। नैनीताल में अधिकतम 21.9 न्यूनतम 17.5 और मुक्तेश्वर में 24.9 व न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री तापमान रहा।
विवेकानंद इनक्लेव में जलभराव
बारिश से भैरवगढ़ी व शनि बाजार के पास नाले की दीवार टूटने से पानी सड़कों व गलियों में बहा। वार्ड नंबर नौ के विवेकानंद इनक्लेव में बारिश से गलियां तालाब में तब्दील हो गई। पार्षद राजेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि लगातार जलभराव होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा रहा है, लेकिन पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं हो पा रही। तल्ली हल्द्वानी, इंदिरानगर में भी सड़कों पर जलभराव हुआ।
यह भी पढ़ें : मानसून एक्सप्रेस की रफ्तार से शहर की सड़कों पर जानलेवा गड्ढे