होटल कारोबारी मर्डर केस व जजी कोर्ट में ताले तोड़ने के मामले में पुलिस के हाथ अभी भी खाली
साल 2020 में हल्द्वानी में हुआ हर-छोटा बड़ा अपराध पुलिस ने खोल दिया। मगर काठगोदाम में हुआ होटल कारोबारी का मर्डर व जजी परिसर्र िस्थत दो कोर्ट का ताला तोडऩे वालों को पुलिस अब तक नहीं पकड़ सकी।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : साल 2020 में हल्द्वानी में हुआ हर-छोटा बड़ा अपराध पुलिस ने खोल दिया। मगर काठगोदाम में हुआ होटल कारोबारी का मर्डर व जजी परिसर्र िस्थत दो कोर्ट का ताला तोडऩे वालों को पुलिस अब तक नहीं पकड़ सकी। कारोबारी का मर्डर 24 दिसंबर को हुआ था। जबकि कोर्ट की घटना का 25 दिसंब की सुबह पता चला।
काठगोदाम के चांदमारी निवासी अमित कुमार भीमताल रोड पर सलड़ी के पास होटल चलाता था। पत्नी निकिता विवाद के चलते मायके में रह रही थी। मायके और ससुराल के घर के बीच में सिर्फ चार-पांच मकान का फासला है। 24 दिसंबर की शाम बाइक सवार अमित को घर के पास ही गोली मार दी गई। छोटी बहन शालिनी की तहरीर पर ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया। क्योंकि दोनों परिवारों का विवाद चार माह पहले थाने पहुंचा था। तब निकिता ने पति व ससुराल के अन्य लोगों पर उत्पीडऩ का मुकदमा दर्ज कराते हुए घर छोड़ दिया था। इस मामले में अमित को जेल भी जाना पड़ा।
हालांकि, आठ दिन बाद भी पुलिस ससुरालियों से एक सुराग नहीं निकाल सकी। इसके बाद अमित के किसी पुराने विवाद व अन्य एंगल को केंद्र में रख जांच शुरू की गई। मगर हत्यारे पकड़ में नहीं आए। इस मामले में पुलिस ने सीसीटीवी व सर्विलांस की भी काफी मदद ली। लेकिन कोई लाइन नहीं मिली। वहीं, जजी परिसर की दो कोर्ट का ताला तोड़ अलमारी खंगालने वाले भी अब तक रहस्य बने हुए हैं।