चोरगलिया में फायरिंग करने वालों को पकड़ना दूर, पहचान तक नहीं कर पाई पुलिस
चोरगलिया में सितारगंज बॉर्डर पर जिला पंचायत के टॉल पर वाहन चालकों और कर्मचारियों के विवाद के बाद फायरिंग करने वालों की पहचान पुलिस दूसरे दिन भी नहीं कर पाई है। जिस कारण किसी भी फायरिंग के आरोपी को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
हल्द्वानी, जेएनएन : चोरगलिया में सितारगंज बॉर्डर पर जिला पंचायत के टॉल पर वाहन चालकों और कर्मचारियों के विवाद के बाद फायरिंग करने वालों की पहचान पुलिस दूसरे दिन भी नहीं कर पाई है। जिस कारण किसी भी फायरिंग के आरोपी को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। वहीं किसी की ओर से अब तक शिकायती पत्र भी पुलिस को नहीं दिया गया है। अलबत्ता पुलिस मंगलवार को ही इस मामले में अपनी ओर से जानलेवा हमला करने और बलवा करने की धाराओं में मुकदमा कर चुकी है।
चोरगलिया में 100 रुपये के टॉल टैक्स को लेकर वाहन चालकों और टॉल कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया था। जिसके बाद 10 राउंड फायरिंग से भगदड़ मच गई थी। इस दौरान गोली लगने से एक वाहन चालक घायल भी हो गया था। वाहन चालकों ने टॉल कर्मचारियों पर अवैध रूप से वसूली करने का आरोप लगाकर जमकर हंगामा काटा। चोरगलिया पुलिस को घटना स्थल के मुआयना करने पर खाली खोखे भी बरामद हुए। थानाध्यक्ष संजय जोशी ने बताया कि दोनों पक्षो के लोग आरोप प्रत्यारोप तो लगा रहे थे, लेकिन किसी ने भी लिखित तहरीर पुलिस को नहीं दी।
हालांकि थानाध्यक्ष ने अपनी ओर से अज्ञात के खिलाफ फॉयरिंग, जानलेवा हमला ओर बलवा के आरोप में मुकदमा दर्ज किया। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि अब तक फायरिंग करने वालों की पहचान नहीं हो पाई है। उनका पता लगाने के लिए सुरागरसी की जा रही है। वहीं चर्चा है कि दोनों पक्षों के बीच सुलह के प्रयास शुरू कर रहे है। गोपनीय स्थानों में दोनों पक्षों के बीच समझौते के लिए बैठकें चल रही हैं। जिस कारण वह पुलिस को जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं।