पिथौरागढ़ पुलिस ने आपसी विवाद में महिला को थाने बुलाकर बेल्ट से पीटा nainital news
मुनस्यारी में होटल व्यवसायी की पिटाई के बाद अब पिथौरागढ़ नगर में भी बवाल खड़ा हो गया। आपसी विवाद में थाने बुलाई गई महिला की निर्मम पिटाई करने का मामला सामने आया है।
पिथौरागढ़, जेएनएन : मुनस्यारी में होटल व्यवसायी की पिटाई के बाद अब पिथौरागढ़ नगर में भी बवाल खड़ा हो गया। आपसी विवाद में थाने बुलाई गई महिला की निर्मम पिटाई करने का मामला सामने आया है। तमाम महिलाओं ने शनिवार को यह मामला पुलिस अधीक्षक के सामने रखा। पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच का भरोसा दिलाया है।
घंटाकरण निवासी कमला देवी का क्षेत्र के ही कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। दूसरे पक्ष ने कमला देवी के खिलाफ थाने में तहरीर दी थी। बकौल कमला देवी दो पुरुष और एक महिला कांस्टेबल उसे घर से बुलाकर थाने ले गए। आरोप है कि वहां एक महिला दारोगा उसे कमरे में ले गई, जहां दो महिला कांस्टेबल के साथ मिलकर बेल्ट से उसकी पिटाई की गई। कमला देवी ने आरोप लगाया कि उससे एक सादे कागज पर दस्तखत भी करा लिए गए। किसी तरह घर पहुंची कमला अगले रोज अस्पताल पहुंची। महिला ने मेडिकल बनवाकर पूरे मामले की जानकारी सामाजिक कार्यकर्ता नम्रता बोहरा को दी। नम्रता ने मामले की गंभीरता को देखते शनिवार को पुलिस अधीक्षक आरसी राजगुरू के सामने मामला रखा और पीडि़ता को न्याय दिलाने की मांग की। इस दौरान कमला देवी ने पुलिस अधीक्षक से कहा कि अभी भी कुछ लोग उसे धमका रहे हैं। उसे और उसके बेटे को मारने की धमकी दी जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने मामले की पूरी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा महिलाओं को दिया है।