छह सौ मीटर गहरी खाई में गिरी कार, एक युवक की मौत दूसरा गंभीर Champawat News
गुरुवार रात में चंपावत जिले के मंच तामली रोड पर खोखिया के पास एक अल्टो कार के गहरी खाई में गिरने से एक युवक की मौत हो गई तो दूसरे की हालत गंभीर है।
चम्पावत, जेएनएनएन : गुरुवार रात में चंपावत जिले के मंच तामली रोड पर खोखिया के पास एक अल्टो कार के गहरी खाई में गिरने से एक युवक की मौत हो गई तो दूसरे की हालत गंभीर है। दोनों रातभर खाई में पड़े रहे। सुबह जब लोगों को हादसे की जानकारी हुई तो उन्हें निकाला गया। जिसमें एक की मौत हो गई थी और दूसरे की हालत गंभीर थी। घायल का जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि खोखिया भमार निवासी राजेंद्र सिंह महर उर्फ रामजाने पुत्र गंगा सिंह (28) गुरुवार की रात अपनी अल्टो कार संख्या-यूके03,टीए 1363 से कफल्टा मल्ला निवासी प्रकाश सिंह महर (25)पुत्र शेर सिंह को छोडऩे के लिए चतुरकोट जा रहा था। रात करीब सवा दस बजे कार चतुरकोट के समीप अनियंत्रित होकर करीब 600 मीटर गहरी खाई में गिर गई। रात का वक्त होने से किसी को भी दुर्घटना की जानकारी नहीं हो पाई।
घर न पहुंचने पर शुक्रवार की सुबह दोनों युवकों के परिजनों ने खोजबीन शुरू की तो दुर्घटना के बारे में पता चला। सूचना पर मंच थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों की मदद से कार सवार दोनों युवकों को बाहर निकाला गया। तब तक कार सवार प्रकाश की मृत्यु हो चुकी थी और चालक राजेंद्र घायल अवस्था में था।
घायल युवक व मृतक के शव को कड़ी मशक्कत के बाद सड़क पर लाकर घायल राजेंद्र सिंह महर को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। उपचार कर रहे चिकित्सक डॉ. रवि ने बताया कि घायल के सिर में गंभीर चोटें हैं। उपचार चल रहा है, उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। इधर पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतक प्रकाश की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने पीएम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।