विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

124वां नंदा देवी महोत्सव शुरू, मशकबीन की धुन और ढोल-दमाऊं की ताल पर झूमा नैनीताल

Published: Wed, 16 Sep 2026 12:40 PM (IST)

नैनीताल में श्रीराम सेवक सभा द्वारा 124वां आठ दिवसीय नंदा देवी महोत्सव सांस्कृतिक धूमधाम से शुरू हो गया है, जिसमें महिलाओं ने झोड़े और छोलिया कलाकारों ने लोकनृत्य प्रस्तुत किए।

HighLights

  1. 124वां आठ दिवसीय नंदा देवी महोत्सव नैनीताल में शुरू हुआ

  2. महिलाओं ने झोड़े और छोलिया कलाकारों ने लोकनृत्य प्रस्तुत किए

  3. सांसद अजय भट्ट ने महोत्सव को राष्ट्रीय दर्जा दिलाने का वादा किया

जागरण संवाददाता, नैनीताल। श्रीराम सेवक सभा की ओर से 124 वां आठ दिवसीय नंदा देवी महोत्सव का शुभारंभ हो गया। इस मौके पर महिलाओं ने मंच पर झोड़े प्रस्तुत किए तो छोलिया कलाकारों ने ढोल-दमाऊं की ताल व मशकबीन की धुन पर लोकनृत्य कर कुमाऊं की संस्कृति की छटा बिखेरी।

उद्धाटन के बाद श्रद्धालुओं का दल मां नंदा-सुनंदा की मूर्ति निर्माण के लिए जयकारा करते हुए ध्वज लेकर कदली वृक्ष लेने कालाढूंगी रोड से लगे मंगोली गांव के लिए रवाना हो गया। गुरुवार को शहर में कदली वृक्षों के साथ शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें स्कूलों की झांकियां शामिल होंगी।

यह भी पढ़ें- मां नंदा देवी बड़ीजात: कैलाश विदाई पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, नम आँखों से भक्त कर रहे विदा

बुधवार को आयोजक संस्था के भव्य मंच पर महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद अजय भट्ट, पूर्व सांसद डा. महेंद्र पाल, विधायक सरिता आर्य, दर्जा मंत्री शांति मेहरा व दिनेश आर्य सहित संस्था पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। आचार्य भगवती प्रसाद जोशी की ओर से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां नंदा-सुनंदा की पूजा अर्चना कराई।

इस मौके पर मुख्य अतिथि सांसद भट्ट ने कहा कि मां नंदा उत्तराखंड की कुलदेवी है। यह महोत्सव लोगों को एक सूत्र में पिराेता है और लोक संस्कृति के संरक्षण का संवाहक है। राज्य सरकार की ओर से संस्कृति के संरक्षण के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। महोत्सव को राष्ट्रीय दर्जा प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें- नंदा देवी बड़ी जात: बैराकुंड में भगवान शिव की हुई पूजा, अवतरित हुए देवी-देवता

इस दौरान सांसद ने सांसद निधि से पांच लाख जबकि विधायक सरिता आर्य ने विधायक निधि से आयोजक संस्था को ढाई लाख देने की घोषणा की। श्रीराम सेवक सभा महासचिव जगदीश बवाड़ी ने अतिथियों सहित उपस्थित लोगों का स्वागत किया।

इस मौके पर मेला मजिस्ट्रेट एसडीएम नवाजिश खलिक, भाजपा नेता हेम आर्य, मनोज जाेशी, गोपाल रावत, आनंद बिष्ट, मोहित साह, पूर्व पीसीसीएफ डा. कपिल जोशी, संस्था अध्यक्ष मनोज साह, पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी, अजय बिष्ट, भुवन बिष्ट, डीएल साह, मुन्नी तिवारी, गिरीश जोशी, कैलाश जोशी, भीम सिंह कार्की, आलोक चौधरी, सभासद जीनू पाण्डे, भगवत रावत, अंकित चंद्रा, सुरेंद्र कुमार, घनश्याम लाल साह, कांग्रेस नेता अनुपम कबड़वाल, कोतवाल राजेंद्र रावत, एसएसआइ दिनेश जोशी सहित बड़ी संख्या में अतिथि व स्थानीय लोग मौजूद रहे। संचालन हेमंत बिष्ट, प्रो. ललित तिवारी व नवीन पाण्डे ने किया।