Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Nainital Seat: चुनावी तारीख नजदीक आते ही व्यस्त हुए प्रत्याशी, जीत के लिए दिनभर भागदौड़ और सभाएं; नसीब हो रही पलभर की नींद

    लोकसभा चुनाव के ऐलान के बाद से ही राजनीतिक पार्टियां जीत की होड़ में लगातार सभाएं करने में जुटे हुए हैं। वहीं अब सीटों से प्रत्याशी के नाम का ऐलान होने के बाद से उम्मीदवारों का खाना सोना सब दुश्वार हो गया है। नेताजी लोग भूख प्यास सब भूलकर एक दिन में कई कई नुक्कड़ सभाएं कर रहे हैं ...

    By Jagran News Edited By: Riya Pandey Updated: Tue, 16 Apr 2024 04:19 PM (IST)
    Hero Image
    नैनीताल-ऊधम सिंह नगर सीट के प्रत्याशी अजय भट्ट की व्यस्त है दिनचर्या

    गणेश जोशी, हल्द्वानी। नैनीताल-ऊधम सिंह नगर संसदीय सीट के भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट अपने पंतनगर आवास पर हैं। सुबह पांच बजे उठ गए। छह बजते ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। अजय भट्ट पूजा-पाठ करने पहुंच जाते हैं लेकिन पीछे से ही लोग खड़े होने लगते हैं। पूजा संपन्न होने के बाद लोग घेर देते हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कोई सभास्थल के बारे में जानकारी दे रहा है तो कोई प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी के बयान की चर्चा करने लगता है। उनका निजी सचिव उन्हें आज के दिन भर के कार्यक्रम की सूचना देने लगता है।

    सभा में कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने वाले कई नेता भी

    इस बीच नाश्ता करते हैं और फिर पंतनगर से सीधे रानीबाग में आयोजित नुक्कड़ सभा में पहुंचते हैं। यहां पर पहले से ही लोग उनके इंतजार में है। शायद इस जगह पर आना उन्होंने इसलिए भी ज्यादा जरूरी समझा होगा। क्योंकि इस सभा में एक दिन पहले ही कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने वाले कई नेता भी हैं।

    भाषण में कई नेता प्रत्याशी की तारीफ करने के साथ ही मोदी सरकार की योजनाओं का बखान करते हैं। अजय भट्ट भी लोगों से अपने लिए समर्थन मांगते हैं। एक ही सांस में जमरानी बांध समेत कई योजनाएं गिना डालते हैं। सभा समाप्त होने के बाद सीधे जजी परिसर पहुंचते हैं।

    प्रत्येक अधिवक्ता के चैंबर में हाथ जोड़कर समर्थन मांगते हैं। कुछ अधिवक्ताओं ने फूलमाला पहनाई तो कुछ बुके भेंट कर रहे थे। कुछ पुराने अधिवक्ता गले मिल रहे हैं। धूप तेज है। प्रत्याशी के माथे पर पसीना टपक रहा है और होंठ सूखे हुए हैं। गेट तक पहुंचते ही मीडियाकर्मी घेर लेते हैं। सवाल पूछते हैं, आप किन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं।

    भट्ट केंद्र की योजनाओं के साथ ही पीएम मोदी के बारे में बताने लगते हैं। गाड़ी में बैठते ही एसडीएम कोर्ट पहुंचते हैं। वहां भी अधिवक्ताओं से हाथ जोड़ते हैं। फिर सीधे काशीपुर की ओर रवाना हो जाते हैं। सवा घंटे की इस यात्रा में 10-15 मिनट झपकी लेते हैं। साथ ही कार में ही मडुवे की रोटी व लौकी की सब्जी भी खाने लगते हैं।

    काशीपुर में स्टार प्रचारक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पहुंचते हैं। करीब एक घंटे इस सभा में शामिल होने के बाद शहर में ही कार्यकर्ताओं के बीच मिलते हैं। कुछ प्रमुख लोगों से भी मुलाकात के बाद वापस पंतनगर आवास के लिए वाहन चल देता है। यहां पर पार्टी से जुड़े पदाधिकारी, कार्यकर्ता व समर्थक पहले से मौजूद हैं। संक्षिप्त बैठक के बाद सीधे बिंदुखत्ता।

    प्रसिद्ध लोकगायक प्रहलाद मेहरा के निधन पर शोक जताते हैं और फिर हल्द्वानी में अलग-अलग जगहों पर छोटी बैठकें निपटाते हैं। रात के 11 बज चुके होते हैं। इनका प्रचार रथ पंतनगर आवास की तरफ पहुंचता है। रात 12:30 से एक बजे के बीच दिन भर आए फोन काल देखते हैं। फिर इन फोन नंबरों पर मिस्ड काल मारते हैं। कुछ से बातचीत हो जाती है लेकिन कुछ फोन नहीं उठते। इसके बाद बिस्तर पर चले जाते हैं।

    दिन भर यात्रा, फिर भी थकान नहीं

    नैनीताल-ऊधम सिंह नगर लोकसभा सीट से दूसरी बाद प्रत्याशी बने 62 वर्षीय अजय भट्ट ने 12 अप्रैल को 180 किलोमीटर की यात्रा की। केवल तीन घंटे ही सोए। अधिकांश सभाओं में वह मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट देने की अपील करते दिखाई दिए। केंद्र सरकार की योजनाओं का बखान किया। कुछ जगह कुमाऊंनी में लोगों से संवाद भी करते रहे।

    यह भी पढ़ें- क्या आपको नहीं पता अपने बूथ का नाम और पता? इस नंबर पर कॉल करने पर मिल जाएगी पूरी जानकारी