नैनीताल में रात होते ही सार्वजनिक शौचालयों पर ताले, पर्यटक परेशान
नैनीताल में सार्वजनिक शौचालय निर्धारित समय (रात 11 बजे) से पहले ही बंद हो जाते हैं, जिससे देर रात आने वाले पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

नैनीताल में सार्वजनिक शौचालय 9. 30 बजे बंद हो गया। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल में देर रात आने वाले पर्यटक अजीब परेशानी का सामना करते हैं। यहां रात से पहले ही शहर की सफाई व्यवस्था ठहर जाती है।
विभिन्न शहरों से पहुंचे पर्यटक भले ही बाजार, सड़कों पर आवाजाही कर रहे हों, लेकिन उन्हें सुविधा देने वाले सार्वजनिक शौचालयों में पहले ही ताले लटक जाते हैं। जिससे जहां एक ओर पर्यटकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, वहीं दूसरी ओर जिम्मेदारों की इस अनदेखी से शहर की छवि भी धूमिल हो रही है।
शहर में वर्ष भर पर्यटकों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहता है। पर्यटकों की सुविधा के लिए पूरे शहर में 25 सार्वजनिक शौचालय स्थापित किये गए हैं, लेकिन जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते रात घिरने के बाद पर्यटकों को इस सुविधा का लाभ नहीं मिल पाता।
पालिका अधिकारियों की मानें तो रात 11 बजे तक इन शौचालयों के बंद होने का समय निर्धारित है, लेकिन किसी में आठ, तो किसी में नौ बजे ही ताले लटक जाते हैं। इससे महिला पर्यटकों सबसे अधिक दिक्कतें होती हैं।
पहले कई बार हो चुके हैं विवाद, फिर भी नहीं चेते जिम्मेदार
शहर में निर्धारित समय से पहले शौचालय बंद होने से कई पर्यटक सड़क किनारे ही लघु शंका करने को विवश हो जाते हैं। बीते वर्ष इसे लेकर मालरोड में स्थानीय लोगों व पर्यटकों के बीच विवाद भी हुआ था।
मामला पुलिस तक पहुंचने पर पर्यटक द्वारा मालरोड का सार्वजनिक शौचालय बंद होने की बात कही गई थी। मामला नगर पालिका तक भी पहुंचा, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार नहीं चेते। नतीजतन सार्वजनिक स्थलों में गंदगी करने को लेकर अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती है।
पूर्व में शिकायत मिलने पर सभी शौचालय संचालकों को नोटिस जारी कर निर्धारित रात 11 बजे तक शौचालय खोलने के निर्देश दिये गए थे। जरूरत पड़ी तो निर्धारित 11 बजे वाले समय को भी कुछ बढ़ाने पर विचार किया जाएगा। - अमित सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक नगर पालिका।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।