विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोहर्रम पर हाई अलर्ट मोड में नैनीताल पुलिस, ड्रोन से रखी जा रही हर गतिविधि पर नजर

Published: Fri, 26 Jun 2026 11:15 AM (IST)

नैनीताल पुलिस मोहर्रम को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए हाई अलर्ट पर है, जिसमें संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है।

ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। Jagran

ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। Jagran

HighLights

  1. नैनीताल पुलिस मोहर्रम के लिए हाई अलर्ट पर, सुरक्षा कड़ी

  2. संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से हर गतिविधि पर नजर

  3. एसएसपी ने शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की

जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। मोहर्रम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह हाई अलर्ट मोड में है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और ड्रोन कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।

हर गतिविधि पर नजर

पुलिस ने हल्द्वानी, बनभूलपुरा, मल्लीताल, भीमताल, लालकुआं, कालाढूंगी और रामनगर जैसे संवेदनशील इलाकों में ड्रोन के माध्यम से निगरानी शुरू कर दी है, ताकि जुलूस मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बुधवार देर रात 11 बजे से सुबह तक विशेष नाइट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान सभी क्षेत्राधिकारी, जोनल अधिकारी, नाइट अधिकारी और चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहे तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की गई। सिटी कंट्रोल रूम को भी 24 घंटे हाई अलर्ट पर रखा गया है।

संवेदनशील स्थलों और जुलूस मार्गों की लाइव फीड के जरिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। वहीं, सभी थाना प्रभारियों ने ताजिया कमेटियों और आयोजकों के साथ लगातार संवाद बनाए रखा है।

पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत देर रात से सुबह तक जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों की चेकिंग भी की। इन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और अधिकारी स्वयं मौके पर रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।

एसएसपी की अपील

एसएसपी डा. मंजुनाथ टीसी ने लोगों से शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचें। पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है।