उत्तराखंड हाईकोर्ट का फैसला, नैनीताल में अब बिना लाइसेंस नहीं बिकेंगे भुट्टे और स्वीट कॉर्न
नैनीताल हाईकोर्ट ने शहर के व्यू प्वाइंटों पर बिना वेंडर पंजीकरण और खाद्य सुरक्षा लाइसेंस के भुट्टे व स्वीट कॉर्न की बिक्री पर रोक लगाई है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, नैनीताल। नैनीताल शहर व आसपास के व्यू प्वाइंटों में कोई भी दुकानदार बिना वेंडर पंजीकरण के और खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत लाइसेंस के भुट्टे, स्वीट कॉर्न नहीं बेच सकेंगे।
हाईकोर्ट नैनीताल के विभिन्न व्यू पॉइंटो और सड़क के किनारे भुट्टा बेचने वाले दुकानदारों को नगर पालिका नैनीताल की ओर से प्रतिबंधित किए जाने को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए यह निर्णय पारित किया है।
न्यायाधीश न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ ने याचिका को निस्तारित करते हुए याचिकाकर्ता कारोबारियों से इस संबंध में दो दिन के भीतर नगर पालिका में वेंडर रजिस्ट्रेशन के लिए तथा सात दिन के भीतर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम -2006 के तहत सक्षम अधिकारी से फूड लाइसेंस के लिए आवेदन करने के निर्देश दिए हैं।
आवेदन मिलने के बाद नगरपालिका और सक्षम अधिकारी सात दिन के भीतर कारण सहित आदेश पारित कर सहानुभूति पूर्वक मामले में निर्णय लेंगे। कोर्ट ने यह भी कहा है कि याचिकाकर्ता सालों से रुकावट के बीच शहर के विभिन्न व्यू पॉइंटो और सड़क के किनारे स्वीट कॉर्न बेच रहें हैं। यह उनका आजीविका कमाने का साधन भी है। जो कुछ प्रतिबंध के अधीन है। उन्हें आजीविका कमाने से नहीं रोका जा सकता।
नैनीताल की कारोबारी रुखसाना व अन्य ने याचिका दायर कर कहा हैं कि वह करीब 15 साल से शहर इन व्यू पॉइंटो और अन्य क्षेत्रों में भुट्टे की दुकान लगाते रहे हैं लेकिन नगर पालिका नैनीताल ने जिला प्रशासन के आदेश का हवाला देते हुए भुट्टे बेचने पर पाबंदी लगा दी है। जिसकी वजह से उनका जीवनयापन करना मुश्किल हो गया है। इसलिए लगी पाबंदी से रोक को हटाया जाए।
नगरपालिका की तरफ से कहा गया कि इन कारोबारियों की ओर से सड़क किनारे म क्षेत्रों में गंदगी फैलाई जा रही है। खाद्य सुरक्षा नियमावली का पालन नहीं किया जा रहा है। वेंडर्स के साथ ही फूड लाइसेंस भी नही है, इसलिए याचिका को निरस्त किया जाए।