कंधे पर आस्था का डोला, होंठो पर मां के जयकारे... नंदा-सुनंदा के जयकारों से गुंजायमान हुआ नैनीताल
नैनीताल में मां नंदा सुनंदा की विदाई के दौरान पूरा शहर भावुक हो उठा, जहां ढोल-बाजे और जयकारों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
HighLights
पूरा नैनीताल शहर मां नंदा सुनंदा की विदाई पर भावुक हुआ
ढोल, दमाऊ और बैंड बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई
नैनी झील में मूर्तियों का विसर्जन, अगले वर्ष आगमन की उम्मीद
जागरण संवाददाता, नैनीताल। एक सप्ताह से मां नंदा सुनंदा के आगमन से जश्न के बाद जब विदाई की बेला आयी तो पूरा शहर भावुक नजर आया। ढोल, दमाऊ, बैंड बाजे की धुन, भजन कीर्तन और जयकारों के साथ शहर भर में मां नंदा सुनंदा की शोभायात्रा निकाली गई।
अगले वर्ष फिर आगमन की उम्मीद लगाए देर शाम नैनी झील में मूर्तियों का विसर्जन किया जाएगा। इस बीच शहर ही नहीं समीपवर्ती दर्जनों गांवों के ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी रही।
पुष्पवर्षा कर मां नंदा सुनंदा का डोला निकाला
बुधवार सुबह नयना देवी मंदिर में बनाये गए मां नंदा सुनंदा की मूर्तियों के मंडल स्थल पर आचार्य भगवती प्रसाद जोशी ने विधिवत पूजा अर्चना कर धार्मिक अनुष्ठानों की शुरूआत की। दोपहर 12 बजे देवी भोग सम्पन्न होने के बाद दोपहर 12 बजे मंदिर परिसर से कुमाऊंनी वाद्य यंत्रों की धुन व पुष्पवर्षा कर मां नंदा सुनंदा का डोला निकाला गया।
यह भी पढ़ें- आज नंदा देवी महोत्सव का आखिरी दिन: उमड़ेगी भीड़, नैनीताल भेजी 19 बसें
ढोल दमाऊ व बैंड की धुन में भक्ति में लीन भक्त कंधे पर डोले को लेकर आगे बढ़ रहे है। डोले में पारंपरिक परिधान में महिलाएं और स्कूली बच्चे आकर्षण का केंद्र बने हुए है। मां नंदा सुनंदा के जयकारों से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा है। डीएसए मैदान से लोअर मालरोड होते हुए तल्लीताल बाजार में पूजा अर्चना के बाद डोले को अपर मालरोड से चीना बाबा चौराहे से ठंडी सड़क तक भ्रमण कराया जाएगा।
इस दौरान श्रीराम सेवक सभा अध्यक्ष मनोज साह, महासचिव जगदीश बवाड़ी, मुकेश जोशी, आनंद बिष्ट, भुवन बिष्ट, राजेंद्र बिष्ट, विमल चौधरी, रितेश साह, मोहित लाल साह, कमलेश ढौडियाल, विमल बिष्ट, कुंदन बिष्ट, सुनील बिष्ट समेत तमाम लोग जुटे हुए है।
