रामनगर में महिला की हत्या कर शव नहर में फेंका, सनसनी
क्षेत्र में हत्यारों ने एक महिला को बेरहमी से दिया। महिला की हत्या कहीं और कर शव चादर में लपेटकर फेंक दिया।
संस, रामनगर : क्षेत्र में हत्यारों ने एक महिला को मौत के घाट उतार दिया। महिला की हत्या कहीं और कर शव चादर में लपेटकर सिंचाई नहर में फेंक दिया। पहचान छिपाने के लिए उसे जलाने का भी प्रयास किया गया, जिससे उसका चेहरा व हाथ आग से झुलस गया। सिर के बाल भी जल गए। उसके पैर भी बांधे गए थे। पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर शिनाख्त के लिए शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है।
शनिवार को नंदपुर चिल्किया गांव स्थित नहर में लोगों ने एक महिला का शव पड़ा देखा। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद नहर से शव को बाहर निकाला गया। शव देखकर प्रतीत हो रहा है कि मृतका को हत्यारों ने जलाने का प्रयास किया था, लेकिन वह अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाए। आग से उसके चेहरे का कुछ हिस्सा झुलस गया है। सिर के बाल भी जले हुए थे। मृतका की उम्र 21 से 25 वर्ष आंकी जा रही है। दिखने में वह मध्यम परिवार की प्रतीत हो रही है। पुलिस ने आसपास के लोगों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराई, लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई। शव कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया है। मृतका ने लाल रंग का कढ़ाई वाला सूट सलवार, लाल रंग का दुपट्टा व पंजाबी जूती पहनी हुई है। कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि हत्या कहीं और की गई है। शव को नहर में लाकर फेंका गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप