नैनीताल में एक और अल्पसंख्यक चेहरे ने कांग्रेस को कहा अलविदा Nainital News
कांग्रेस में उपेक्षा गुटबाजी और बढ़ते दलबदल से क्षुब्ध होकर आईटी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष युवा नेता मोहम्मद बुरहान उर्फ शान अख्तर ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।
नैनीताल, जेएनएन : कांग्रेस में उपेक्षा, गुटबाजी और बढ़ते दलबदल से क्षुब्ध होकर आईटी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष युवा नेता मोहम्मद बुरहान उर्फ शान अख्तर ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। सभासद गजाला कमाल के बाद एक और मजबूत अल्पसंख्यक चेहरे के इस्तीफा देने से कांग्रेस को नगर में बड़ा झटका लगा है। शान पूर्व विधायक सरिता आर्य के बेहद करीबी थी। उन्होंने शनिवार रात को कांग्रेस नगर इकाई के व्हाट्सएप ग्रुप पर इस्तीफा पोस्ट किया तो संघटन में खलबली मच गई।
वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें संपर्क कर मनाने की कोशिश की मगर उन्होंने इस्तीफा वापस लेने से साफ इनकार कर दिया। उनके अगले सियासी कदम को लेकर कांग्रेसी बेहद सतर्क हो गए हैं। लगातार अल्पसंख्यक समुदाय की नाराजगी की वजह से कांग्रेस के लिए 2022 की राह कठिन हो रही है। अपने इस्तीफे में उन्होंने लंबे समय तक सहयोग के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आभार प्रकट किया है। शान आईटी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष होने के साथ ही प्रदेश महा सचिव अल्पसंख्यक कांग्रेस कमेटी उत्तराखण्ड व प्रदेश मीडिया प्रभारी सेवा दल के रूप में काम कर रहे थे। उन्होंने इस्तीफा नगर अध्यक्ष अनुपम कबड़वाल को भेजा है।