छात्र संघ चुनाव: हल्द्वानी एमबीपीजी कॉलेज में बवाल, कैंपस से सड़क तक चले लात-घूंसे
एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में छात्र संघ चुनाव के दौरान अराजकता देखने को मिली, जहां कोषाध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच कैंपस से सड़क तक हाथापाई हुई।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी । एमबीपीजी कालेज शिक्षा का मंदिर है, लेकिन छात्र संघ चुनाव की लहर उठते ही यहां अराजकता चरम पर पहुंच गई है। संभावित प्रत्याशियों के समर्थक कहासुनी होने पर लड़ रहे हैं।
कालेज में सख्ती होने के बावजूद शनिवार को कालेज कैंपस से लेकर सड़क तक विवाद का मंजर देखने को मिला। रैली निकालने के दौरान कोषाध्यक्ष प्रत्याशियों के समर्थक भिड़ गए। वहीं, महाविद्यालय गेट पर उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के बीच बहस होने के बाद जमकर लात-घूंसे चले।
कालेज परिसर में समर्थकों संग जुलूस लाने के बाद उपाध्यक्ष प्रत्याशियाें के समर्थक आमने-सामने आ गए। हाथापाई होता देख मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकारते हुए छात्रों को खदेड़ा। इस दौरान हल्का बल भी प्रयोग करना पड़। ऐसे में कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में छात्र संघ संग्राम: एमबीपीजी में एबीवीपी अध्यक्ष दावेदारों के समर्थक आमने-सामने, एनएसयूआई का हंगामा
इससे कालेज के पिछले हिस्से की ओर रैली निकाल रहे कोषाध्यक्ष पद के दो प्रत्याशियों के समर्थकों में मारपीट हो गई। बीते दिनों हुए विवाद की बात को दोहराते हुए दोनों के समर्थक आपस में भिड़ गए। इधर, उपाध्यक्ष का एक संभावित प्रत्याशी खुद का खतरा बताते हुए प्राचार्य प्राे. एनएस बनकोटी से मिला और परिसर में बाहरी युवकों का प्रवेश रोकने की मांग की।
कालेज में शुरू हुई सख्ती, मेटल डिटेक्टर से चेकिंग
एमबीपीजी कालेज में हो रही अराजकता और विवादों के बीच कालेज प्रशासन ने शनिवार से सख्ती शुरू कर दी है। चीफ प्राक्टर प्रो. मनीषा तिवारी और प्रो. एसएस धपोला प्राक्टोरियल बोर्ड के साथ सुबह से दोपहर तक मुख्य गेट पर डटे रहे। साथ ही मेटल डिटेक्टर से चेकिंग के बाद परिसर में प्रवेश दिया गया। साथ ही परिचय पत्र भी चेक किए गए।
