उत्तराखंड में छात्र संघ संग्राम: एमबीपीजी में एबीवीपी अध्यक्ष दावेदारों के समर्थक आमने-सामने, एनएसयूआई का हंगामा
कुमाऊं विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव की घोषणा के साथ ही हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है।
HighLights
छात्र संघ चुनाव की घोषणा से कॉलेज में सरगर्मी बढ़ी
एनएसयूआई ने बंद महिला छात्रावास को लेकर विरोध प्रदर्शन किया
एबीवीपी के अध्यक्ष पद के दावेदारों के समर्थक आपस में भिड़े
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। कुमाऊं विश्वविद्यालय के छात्र संघ चुनाव की तिथि घोषित करते ही कालेजों में संग्राम शुरू हो गया है। चुनावी ऐलान होते ही एमबीपीजी कालेज छात्र सियासत का अखाड़ा बन गया है।
महाविद्यालय के डेढ़ वर्ष से बंद पड़े महिला छात्रावास का मुद्दा उठाते हुए एनएसयूआई हंगामा किया। संगठन से जुड़े छात्र-छात्राएं प्रदर्शन करते हुए प्राचार्य कक्ष में धरने पर बैठ गए।
छात्रावास बनने के बावजूद हस्तांतरण न होने पर सवाल खड़े किए। उच्च शिक्षा निदेशालय से लेकर शासन तक को जमकर कोसा। संगठन से जुड़े मेहुल साह ने कहा कि कई बार ज्ञापन देने पर आश्वासन के सिवाए कुछ नहीं मिला है। अब नया सत्र शुरू हो गया, लेकिन छात्राओं के लिए सुविधा बहाल नहीं हो पाई है।
यह भी पढ़ें- एमबीपीजी कालेज में तमंचा लेकर घुसा युवक, छात्रों ने दबोचा, सुरक्षा पर उठे सवाल, हंगामा
मेहुल ने प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी को ज्ञापन सौंपकर 15 सितंबर तक का समय दिया है। छात्रावास को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी दी है। इधर, कालेज परिसर में रैली निकालने के दौरान एबीवीपी से अध्यक्ष पद के लिए तैयारी कर रहे धीरज बिष्ट और आर्यन बेलवाल गुट के समर्थक आमने-सामने आ गए।
आर्यन के समर्थन में प्रचार कर रही छात्रा ने अभद्रता का आरोप लगाया। ऐसे में जमकर हंगामा हुआ। साथ ही एबीवीपी की रार भी सामने आ गई। कालेज प्रशासन ने जैसे-तैसे मामला शांत कराया। वहीं, प्राचार्य प्रो. बनकोटी ने पुलिस और प्राक्टर बोर्ड के साथ परिसर का निरीक्षण किया। साथ ही गेट पर आइडी कार्ड भी चेक किए गए। वहीं, संभावित प्रत्याशियों ने परिसर में रैली निकालकर प्रचार किया।
