देश में महिलाओं के साथ बढ़ती हिंसा के विरोध में सड़क पर उतरी मातृशक्ति nainital news
देश में महिलाओं के साथ बढ़ती हिंसा के विरोध में रविवार को मातृशक्ति सड़क पर उतरी। कहा कि यौन हिंसा के बढ़ते मामले चिंतित करने के साथ ही समाज को डराने वाले हैं।
हल्द्वानी, जेएनएन : देश में महिलाओं के साथ बढ़ती हिंसा के विरोध में रविवार को मातृशक्ति सड़क पर उतरीं। कहा कि यौन हिंसा के बढ़ते मामले चिंतित करने के साथ समाज को डराने वाले हैं। यौन हिंसा जैसे मामलों में संलिप्त नेताओं को राजनीति से दूर करना होगा। बुद्ध पार्क में सभा को संबोधित करते हुए प्रगतिशील महिला एकता केंद्र की महासचिव रजनी जोशी ने कहा कि सरकार के महिला सशक्तिकरण के दावे खोखले हैं। महिला हिंसा को रोकने में नाकाम रहीं सरकारों में बैठे कई लोग खुद यौन हिंसा में लिप्त हैं।
अध्यक्ष शीला शर्मा ने कहा महिला हिंसा के मामले में भारत नंबर वन की श्रेणी में आ गया है। पछासं महासचिव महेंद्र ने कहा कि अश्लील पोस्टर, फिल्मों व पोर्न वेबसाइट पर रोक लगनी चाहिए। बाद में महिलाओं ने बुद्ध पार्क से सिंधी चौक और फिर वापस सभा स्थल तक जुलूस निकालने के बाद सरकार का पुतला फूंका। महिलाओं ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ते जा रहे हैं और शासन-प्रशासन की ओर से इस ओर गंभीरता नहीं बरती जा रही। नारी सुरक्षा के बारे में यदि शासन की नीति सुनिश्चित होती और उस पर सरकारी अमले केा संजीदगी से चलाया जाता तो देश में उन्नाव जैसी घटनाएं नहीं होतीं।
वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं पर अत्याचार करने वाले को सख्त से सख्त सजा का प्रावधान होने पर ही उत्पीड़न की घटनाओं पर रोक लग सकती है। सरकार को महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर से गहन विमर्श कर ठोस नीति बनानी होगी। इस दौरान भोजन माता यूनियन की हेमा तिवारी, क्रांलोसं से पीसी आर्य, रंजना, बिंदु गुप्ता, ऋचा, दीपा, भगवती, सरिता, कमलेश, उमेश, पिंकी, विपिन आदि मौजूद रहे।