विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 03, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ममता हत्याकांड: लूट के लिए हुआ कत्ल तो ज्वेलरी क्यों नहीं ले गए बदमाश, हल्द्वानी में वारदात के पीछे कई सवाल

By Jagran NewsEdited By: Rajesh Verma
Published: Thu, 03 Nov 2022 09:43 PM (IST)

Mamta Bisht murder case Haldwani ममता के घर के बगल में एक मकान का निर्माण चल रहा है। जहां पर ...और पढ़ें

पुलिस को भटकाने के लिए हत्यारों ने लूट जैसी साजिश तो नहीं रची।
पुलिस को भटकाने के लिए हत्यारों ने लूट जैसी साजिश तो नहीं रची।

जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : Mamta Bisht murder case Haldwani: सिपाही शंकर सिंह बिष्ट की पत्नी ममता की हत्या के पीछे असली वजह सामने नहीं आ पाई है, मगर पुलिस के लिए कई सवालों ने जन्म ले लिया है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब लूट के इरादे से हत्या हुई तो बदमाश आखिर ज्वेलरी लेकर क्यों नहीं गए। पुलिस को भटकाने के लिए हत्यारों ने लूट जैसी साजिश तो नहीं रची। हकीकत पुलिस की तप्तीश में ही सामने आ पाएगी।

मुखानी कालिका कालौनी में पत्नी की हत्या के बाद भावुक शंकर सिंह बिष्ट को सांत्वना देते लोग।

ये सवाल खड़े हुए

पुलिस अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में पाया है कि घर के अंदर अलमारी का लाॅक खोलकर ज्वेलरी निकाली गई है। लेकिन ज्वेलरी घर के अंदर की बेड पर पड़ी मिली है। पुलिस ने मामले में फिलहाल प्राथमिकी नहीं की है। पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी के लिए जाल बिछा दिया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं। फिलहाल वारदात के बाद इन सवालों ने हर किसी को परेशान कर दिया है।

  1. सवाल उठ रहा है कि क्या बदमाशों को अलमारी की चाबियों के बारे में सबकुछ पता था या ममता पर जबरन दबाव बनाकर चाबियां मांगी गईं।
  2. अगर चाबियां मांगकर ज्वेलरी निकाली तो वह लेकर क्यों नहीं गए।
  3. हत्या के पीछे वजह कोई और तो नहीं।
  4. हत्या के दौरान बदमाशों ने किसी वजनदार वस्तु का इस्तेमाल किया है। इन सब हालातों से जाहिर है हत्या की प्लानिंग अचानक तो नहीं बनाई गई।

तो साढ़े तीन घंटे कमरे में पड़ी रही लाश

किराए पर रहने वाली पड़ोसी महिला कमला सुयाल का कहना है कि 11 बजे चीख सुनाई दी। पुलिस मान रही है इसी बीच वारदात हुई होगी। ढाई बजे बच्चों के पहुंचने पर कमरे में लाश का पता चला। इसका मतलब यह है कि खून से लथपथ शव साढ़े तीन घंटे तक कमरे में पड़ा रहा और हत्यारे आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। न तो पड़ोसियों को भनक लगी और न ही पुलिस को।

ममता बिष्ट की हत्या के बाद मुखानी कालिका कालौनी स्थित घर के बाहर जमा लोग।

काम छोड़कर भागे मजदूरों पर भी शक

ममता के घर के बगल में एक मकान का निर्माण चल रहा है। जहां पर गुरुवार को एक महिला समेत दो मजदूर काम कर रहे थे। दोपहर बाद दोनों मजदूर काम छोड़कर भाग गए। ऐसे में पुलिस का शक दोनों पर गहरा गया। एसपी क्राइम ने तत्काल मकान मालिक, ठेकेदार समेत अन्य कर्मचारियों को पूछताछ के लिए बुला लिया था।

ठेकेदार को आना था घर

गुरुवार को सिपाही के घर आए लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। सिपाही शंकर ने पुलिस को बताया कि उसके घर में गुरुवार को ठेकेदार को आना था। उन्होंने जो मकान बनाया था, उसमें कई खामियां आ गई थीं। ठेकेदार घर आया या नहीं, इसकी जानकारी नहीं है। वहीं, घर में लगी फुलवारी के रखरखाव के लिए एक माली भी आता था।

हल्द्वानी में हत्या, बाजपुर थाने में तैनात सिपाही की पत्नी को घर में घुसकर मार डाला 

कालोनी में नहीं एक भी सीसीटीवी कैमरा

रिहायशी कालोनी में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है। इस कालोनी में लोगों के आलीशान मकान हैं। लेकिन एक कहीं भी एक सीसीटीवी कैमरा नहीं है, इसलिए हत्यारों का पता लगाना मुश्किल हो रहा है। पुलिस अधिकारी कैमरा लगाने की बात महज कागजों तक ही करते हैं।

किस वक्त क्या हुआ

  • दोपहर 11:00 बजे चीखने की आवाज पड़ोसी ने सुनीं।
  • दोपहर 11:30 बजे पास में काम कर रहे मजदूर नहीं दिखे।
  • दोपहर 2:30 बजे मृतका के बच्चे कपिल व रिया घर पहुंचे।
  • दोपहर 2:50 बजे कपिल मुखानी थाने गया।
  • दोपहर 3:00 बजे रिया ने पापा को फोन कर जानकारी दी।
  • दोपहर 3:10 बजे पुलिस अधिकारियों को पहुंचना शुरू हुआ।
  • शाम 4:00 बजे पड़ोसियों से पूछताछ व सिपाही के बयान दर्ज।
  • शाम 4:15 बजे महिला का शव मोर्चरी लाया गया।
  • शाम 5:00 बजे तक पुलिस टीमें आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए निकल चुकी थीं।