नैनीताल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमकण व ओले गिरे
जागरण संवाददाता, नैनीताल : सरोवर नगरी में शीतकाल में पहली बार मौसम ने करवट बदली तो ऊंचाई वाले क्षेत्
जागरण संवाददाता, नैनीताल : सरोवर नगरी में शीतकाल में पहली बार मौसम ने करवट बदली तो ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमकण व ओले गिरे। यह सिलसिला दस मिनट तक चला, इसके बाद बारिश शुरू हो गई। मल्लीताल व तल्लीताल में हिमकण नाम मात्र के गिरे, जिसे बारिश ने धो डाला। मौसम के मिजाज की वजह से तापमान न्यूनतम चार डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।
सरोवर नगरी में इस बार बारिश नहीं हुई थी। पिछले साल दिसंबर में हिमपात हो गया तो पर्यटन कारोबार ने भी रफ्तार पकड़ी थी। इस बार हिमपात नहीं होने से पर्यटकों की आमद भी घटी है। वहीं, मंगलवार को मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दोपहर से मौसम का रुख बदला और आसमान में काली घटाएं छाने लगी। इसके बाद कोहरे ने शहर को आगोश में ले लिया। कोहरा छटा तो शाम सवा चार बजे से बूंदाबांदी शुरू हो गई, जबकि प्रशासनिक अकादमी क्षेत्र समेत अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में हिमकण व ओले गिरने लगे। यह सिलसिला करीब दस मिनट तक चला, जिसके बाद बारिश होने लगी। शहर में शाम करीब पांच बजे से रुक-रुककर जबकि बारिश हो रही है, जबकि छह बजे से बारिश की रफ्तार बढ़ गई है।
ठंड से जनजीवन अस्तव्यस्त
नैनीताल : मौसम के बदले मिजाज के बाद शहर में ठंड बढ़ गई है, जिसका जनजीवन पर बुरा असर पड़ा है। शहर की सड़कों में ट्रैफिक बेहद कम है तो बाजारों में भी सन्नाटा पसरा है। मल्लीताल पंत पार्क में लोगों ने आग सेंक कर ठंड दूर की। मौसम के बदले तेवरों के बाद शहर में ठंडा पड़ चुका गरम कपड़ों के कारोबार में इजाफा होने की उम्मीद है।