विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

थाने तक पहुंचा ट्रैक्टर-ट्रॉली रोकने से शुरू हुआ विवाद, नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र लोटनी पर दो मुकदमे दर्ज

Published: Thu, 12 Nov 2026 03:50 PM (IST)

लालकुआं नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी के खिलाफ ट्रैक्टर-ट्रॉली रोकने को लेकर हुए विवाद के बाद दो मुकदमे दर्ज ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, लालकुआं। ओवरलोड और ओवरहाइट वाहनों के संचालन को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी और पुलिस प्रशासन के बीच शुरू हुआ विवाद अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। 11 नवंबर को हुए घटनाक्रम के बाद लालकुआं कोतवाली पुलिस ने अध्यक्ष के खिलाफ दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं।

दोनों प्राथमिकी 12 नवंबर की सुबह दर्ज की गई हैं। इनमें एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की शिकायत पर रुपये मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है, जबकि दूसरी प्राथमिकी पुलिस की ओर से सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से अभद्रता और यातायात प्रभावित करने के आरोप में दर्ज की गई है।

पहला मुकदमा एफआईआर संख्या 0177 के तहत सुबह 5:35 बजे दर्ज हुआ। इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 308(4) और 352 लगाई गई हैं। बिलासपुर, रामपुर निवासी इंदरजीत सिंह पुत्र बलदेव सिंह ने शिकायत में बताया कि वह किसान और ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक है। वह अपने खेतों से पराल जंगल की ओर ले जाता है, जिसका उपयोग गुर्जर समुदाय के पशुपालक अपने मवेशियों के चारे के रूप में करते हैं।

11 नवंबर का मामला

आरोप है कि 11 नवंबर की सुबह नगर पंचायत अध्यक्ष ने जंगल की ओर जाने वाले मार्ग पर उसकी पराल से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली रोक दी। इस दौरान अभद्रता करते हुए पराल और ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़ने के बदले रुपये मांगे गए तथा जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

वहीं दूसरा मुकदमा एफआईआर संख्या 0178 के तहत सुबह 6:28 बजे पुलिस की शिकायत पर दर्ज किया गया। इसमें बीएनएस की धारा 126(2), 221 और 352 लगाई गई हैं। पुलिस की ओर से दर्ज शिकायत के अनुसार, 11 नवंबर को सुबह करीब 8:10 बजे वार्ड नंबर तीन और चार सहित सार्वजनिक मार्गों पर यातायात एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। ट्रैक्टर-ट्रॉली को आगे जाने से रोकने को लेकर विवाद की सूचना पर कांस्टेबल अशोक कुमार मौके पर पहुंचे।

पुलिस का आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉली रोके जाने से आम लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा था। पुलिसकर्मियों ने उन्हें यातायात बाधित नहीं करने के लिए समझाया, लेकिन वह नहीं माने। इसके बाद हेड कांस्टेबल आनंदवीर, कांस्टेबल दिलीप कुमार और उमेश गिरी भी मौके पर पहुंचे।

आरोप है कि अध्यक्ष ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कोतवाली के सामने खड़ा करवा दिया। इससे करीब एक घंटा 45 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि अध्यक्ष ने ट्रैक्टर के आगे आकर चालक को धमकाया और कुछ अन्य लोगों ने भी उनका साथ दिया।

गौरतलब है कि 11 नवंबर को ओवरलोड और ओवरहाइट वाहनों के संचालन को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष और कोतवाली पुलिस के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद अध्यक्ष समर्थकों और पूर्व सैनिकों के साथ कोतवाली पहुंचे और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए धरने पर बैठ गए थे। मामला बढ़ने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी लव शर्मा ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया था। वहीं अध्यक्ष ने कार्य बहिष्कार की चेतावनी भी दी थी।

अब दोनों पक्षों की अलग-अलग शिकायतों पर मुकदमे दर्ज होने से मामला और तूल पकड़ गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पहले मुकदमे की जांच उपनिरीक्षक दीपक सिंह बिष्ट को सौंपी गई है, जबकि दूसरे मामले में प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन राणा के स्तर से कार्रवाई दर्ज की गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।