नैनीताल में नगर पंचायत अध्यक्ष और पुलिस में टकराव, कार्य बहिष्कार के बाद रास्तों की लाइट कराई बंद
लालकुआं में ओवरलोड वाहनों को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष और पुलिस के बीच विवाद गहरा गया।

अध्यक्ष ने पुलिस पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए कार्य बहिष्कार और शहर की सफाई व पथ प्रकाश व्यवस्था बंद करने की घोषणा की।
HighLights
ओवरलोड वाहनों पर पुलिस से नगर पंचायत अध्यक्ष का विवाद।
अध्यक्ष ने पुलिस पर अभद्रता का आरोप लगाया, धरना दिया।
कार्य बहिष्कार, सफाई और स्ट्रीट लाइटें बंद करने की घोषणा।
संवाद सहयोगी, जागरण, लालकुआं। ओवरलोड और ओवरहाइट वाहनों के शहर में आवागमन को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष और कोतवाली पुलिस के बीच बुधवार को विवाद बढ़ गया। लालकुआं चौराहे से जंगल की ओर जा रही पराल से लदी कई ऊंची ट्रैक्टर-ट्रालियों की चपेट में आने से विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गए। एक पोल टेढ़ा हो गया और पराली सड़क पर बिखर गई।
सूचना पर मौके पर पहुंचे नगर पंचायत अध्यक्ष ने ट्रैक्टर-ट्रालियों को रुकवाकर पुलिस को सूचना दी। अध्यक्ष का आरोप है कि कोतवाली नजदीक होने के बावजूद पुलिस देर से पहुंची। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक से उनकी तीखी नोकझोंक हुई। अध्यक्ष ने प्रभारी निरीक्षक पर अभद्रता और धक्का-मुक्की का आरोप लगाया।
घटना से नाराज अध्यक्ष समर्थकों, सभासदों और पूर्व सैनिकों के साथ पहले पुलिस क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहां अधिकारी नहीं मिले। इसके बाद सभी कोतवाली परिसर में धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शनकारियों ने निर्वाचित जनप्रतिनिधि से कथित अभद्रता पर नाराजगी जताते हुए पुलिस की जवाबदेही तय करने की मांग की। इस दौरान पुलिस पर अवैध वसूली के आरोप भी लगाए गए। कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे सीओ लालकुआं ने अध्यक्ष और समर्थकों से वार्ता की। अध्यक्ष ने उन्हें शिकायती पत्र सौंपकर प्रभारी निरीक्षक के तत्काल स्थानांतरण की मांग की। सीओ ने निष्पक्ष जांच और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
देर शाम नगर पंचायत कार्यालय में प्रेस वार्ता कर अध्यक्ष ने प्रभारी निरीक्षक के स्थानांतरण और मामले की निष्पक्ष जांच होने तक पूर्ण कार्य बहिष्कार की घोषणा की। उन्होंने नगर की सफाई और पथ प्रकाश व्यवस्था भी बंद रखने का ऐलान किया। इसके बाद स्ट्रीट लाइटें बंद होने से नगर के कई हिस्सों में अंधेरा छा गया।
सफाई और पथ प्रकाश व्यवस्था बंद करने का ऐलान
देर शाम नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि जब तक पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच नहीं होती और प्रभारी निरीक्षक का स्थानांतरण नहीं किया जाता, तब तक नगर पंचायत में पूर्ण कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। उन्होंने नगर की सफाई और पथ प्रकाश व्यवस्था भी बंद रखने की घोषणा की। इसके बाद देर शाम नगर की स्ट्रीट लाइटें बंद होने से कई इलाकों में अंधेरा छा गया।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने मामले में कहा कि ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रालियों से विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने वाहनों को रोककर पुलिस को सूचना दी, लेकिन काफी देर बाद पहुंचे कोतवाल ने उनके साथ अभद्रता की और धक्का देकर वहां से हटा दिया। इतना ही नहीं, नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को बिना प्रभावी कार्रवाई के रवाना कर दिया गया, जब तक कोतवाल का स्थानांतरण और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होती है तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
लालकुआं प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा ने बताया मौके पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और परिस्थितियों को देखते हुए वाहनों को जाने दिया गया। हालांकि, नियम विरुद्ध पाए गए एक वाहन को सीज करने की कार्रवाई की गई है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी लव शर्मा का कहना है नगर पंचायत अध्यक्ष की ओर से शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।