विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लालकुआं में ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोकने पर कोतवाल संग तीखी नोकझोंक, धक्का-मुक्की का आरोप; धरने पर बैठे चेयरमैन

Published: Wed, 11 Nov 2026 02:33 PM (IST)

लालकुआं में ओवरलोड पराल से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होने पर नगर पंचायत चेयरमैन सुरेंद्र सिंह लोटनी की कोतवाली प्रभारी से तीखी नोकझोंक हुई।

HighLights

  1. ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हुए

  2. चेयरमैन सुरेंद्र लोटनी और कोतवाल में तीखी नोकझोंक हुई

  3. पुलिस पर अभद्रता का आरोप लगाकर चेयरमैन धरने पर बैठे

जागरण संवाददाता, लालकुआं। नगर में ओवरलोड वाहनों की आवाजाही और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर बुधवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब ओवरलोड पराल से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के कारण विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होने के मामले में नगर पंचायत चेयरमैन सुरेंद्र सिंह लोटनी की कोतवाली प्रभारी बृजमोहन सिंह राणा से तीखी नोकझोंक हो गई।

चेयरमैन ने पुलिस पर उनके साथ धक्का-मुक्की और अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए दर्जनों समर्थकों के साथ कोतवाली में धरना शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह चेयरमैन सुरेंद्र सिंह लोटनी को सूचना मिली कि कोतवाली के ठीक बगल वाले रास्ते से ऊंचाई तक पराल से लदी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियां गुजर रही हैं। इन वाहनों की चपेट में आने से विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गए और एक पोल टेढ़ा हो गया, जिससे उसके गिरने और किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी।

करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी 

सूचना पर चेयरमैन मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रुकवाकर पुलिस को सूचना दी। उनका आरोप है कि कोतवाली नजदीक होने के बावजूद पुलिसकर्मी करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे। उसके कुछ देर बाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा मौके पर पहुंचे।

इस दौरान चेयरमैन और कोतवाल के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। चेयरमैन का आरोप है कि कोतवाल ने उनके साथ धक्का-मुक्की की तथा मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने भी उनके साथ अभद्रता की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का चालान करने अथवा कोई कार्रवाई करने के बजाय उन्हें उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया।

घटना से आक्रोशित चेयरमैन ने सोशल मीडिया पर फेसबुक लाइव के माध्यम से भी अपना विरोध जताया। इसके बाद दोपहर में वह दर्जनों समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचकर धरने पर बैठ गए। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन चेयरमैन अपनी मांगों पर अड़े रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।