कैंची धाम में वीकेंड पर श्रद्धालुओं की भीड़, नैनीताल पुलिस ने संभाली यातायात व्यवस्था
वीकेंड पर कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिसे देखते हुए नैनीताल पुलिस यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में जुटी है।
HighLights
वीकेंड पर कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी
नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालने में जुटी
शटल सेवा और निर्धारित पार्किंग उपयोग की अपील की गई
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। वीकेंड पर कैंची धाम में दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है। बाबा नीब करौरी के दर्शन को पहुंच रहे श्रद्धालुओं और पर्यटकों के वाहनों के दबाव को देखते हुए नैनीताल पुलिस यातायात व्यवस्था संभालने में जुटी है।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर जारी यातायात योजना के तहत पुलिसकर्मी प्रमुख स्थानों पर तैनात रहकर वाहनों का संचालन करा रहे हैं। पुलिस उपाधीक्षक नैनीताल-भवाली अंजना नेगी ने जीरो प्वाइंट पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली।
वहीं, सेनेटोरियम, भवाली तिराहे और भीमताल स्थित विकास भवन से शटल सेवा का संचालन जारी है। पुलिस ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से निर्धारित पार्किंग का उपयोग करने, शटल सेवा का लाभ लेने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
